logo

झारखंड में अभी ठंड से राहत नहीं, 26 जनवरी के बाद मौसम में हो सकता है बदलाव

cold00000000.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में फिलहाल अगले दो दिनों तक ठंड से पूरी राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की और गिरावट देखी जा सकती है, जिससे सुबह और रात के समय कनकनी बनी रहेगी। हालांकि, इसके बाद तापमान में 3 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी की संभावना है, जिससे दिन में हल्की गर्माहट महसूस होगी। 24 और 25 जनवरी को राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रह सकते हैं, जबकि 26 जनवरी की सुबह कोहरा छाने का अनुमान है।
तापमान के अनुसार चाईबासा 30.4 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म क्षेत्र रहा, जबकि गुमला 8.4 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा जिला दर्ज किया गया। राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 12.9 डिग्री सेल्सियस रहा। उत्तर-पश्चिमी जिलों जैसे पलामू और गढ़वा में रात का पारा 8 डिग्री तक गिर सकता है, वहीं सिंहभूम क्षेत्र में अधिकतम तापमान 31 डिग्री तक पहुँचने के आसार हैं। कुल मिलाकर, राज्य में शीतलहर का प्रभाव अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगा है।
मौसम वैज्ञानिकों ने सम्भावना जताई है कि 26 जनवरी को उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसका असर दो दिनों के भीतर झारखंड में भी देखने को मिल सकता है, जिससे राज्य के मौसम में फिर से बदलाव आने की संभावना है। इस बदलाव के कारण आसमान में बादल बढ़ सकते हैं और सुबह के समय कोहरे में इजाफा होने के साथ-साथ तापमान में फिर से उतार-चढ़ाव की स्थिति बन सकती है।
बदलते मौसम को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग और मौसम केंद्र ने बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। इसके अलावा, कोहरे की स्थिति को देखते हुए वाहन चालकों को सावधानी बरतने को कहा गया है। 
 

Tags - jharkhand news jharkhand khabar jharkhand latest news mausam news mausam khabar