द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त से मांग की है कि मानगो के जिन इलाकों में पेयजलापूर्ति 10-15 दिनों से नहीं हो पा रही है, उन इलाकों में पेयजलापूर्ति टैंकर से कराएं। सरयू राय ने उपायुक्त को वाट्सएप एवं एक्स के माध्यम से कई दिनों से पीने का पानी नहीं मिलने की शिकायत करने वाले लोगों की तकलीफ को अवगत कराया और कहा कि जब उन्होंने विधानसभा में मानगो के बड़े इलाके में पीने के पानी की दिक्कत का सवाल उठाया तो सरकार ने इससे इनकार किया और कहा कि मानगो नगर निगम सभी जगहों पर पीने के पानी की आपूर्ति कर रहा है। सरयू राय ने उपायुक्त को उन इलाकों का नाम भी भेजा है, जहां पीने का पानी नहीं जा रहा है। इसमें पोस्ट ऑफिस रोड, प्रह्लाद नगर, चटाई कालोनी, आनंद विहार फ्लैट के पीछे वाली बस्ती और नीचे वाली बस्ती में पीने का पानी नहीं जा रहा है। कई दिनों तक तो रामकृष्णा कालोनी जैसे इलाके में भी पीने का पानी नहीं गया। राय ने कहा कि मानगो नगर निगम के अधिकारी इस मामले में संवेदनशील नहीं हैं। वे रोज एक न एक नया बहाना बनाते हैं और आश्वासन देते हैं कि पेयजल नहीं पहुंचने की समस्या जल्द ही दूर हो जाएगी।
पेयजलापूर्ति की स्थिति यह है कि कई मोहल्लों में रात के 1 बजे, डेढ़ बजे 10 मिनट के लिए पानी जाता है। जिन इलाकों में पीने का पानी जा रहा है, वहां भी इसकी अवधी काफी कम है। जब तक लोग पीने के पानी को स्टोर करने की व्यवस्था में लगते हैं, तब तक पानी की आपूर्ति बंद हो जा रही है। सरयू राय ने कहा कि मानगो के नागरिकों को पीने के पानी की आपूर्ति में से 1.20 लाख लीटर पानी रोज एमजीएम अस्पताल में जा रहा है। सरयू राय के प्रश्न के उत्तर में परसों (17 मार्च) झारखंड सरकार के नगर विकास विभाग के मंत्री ने बताया कि 1.20 लाख लीटर नहीं बल्कि 72 हजार लीटर पानी ही एमजीएम अस्पताल में भेजा जा रहा है। इसका कारण है कि पीने के पानी की व्यवस्था किये बिना ही डेढ़ साल पहले अस्पताल को राजनीतिक कारणों से चालू कर दिया गया। आज तक अस्पताल के लिए पानी की व्यवस्था नहीं की गई है। सरयू राय ने उपायुक्त से कहा कि गर्मी का मौसम आ गया है। चापाकल भी भूजल स्तर नीचे जाने के कारण पानी नहीं खींच पा रहे हैं। मानगो के नागरिकों को साकची, बिष्टुपुर से खरीदकर पानी लाना पड़ रहा है। ऐसी स्थिति में आवश्यक है कि जिस प्रकार एमजीएम अस्पताल में मानगो नगर निगम टैंकर से पेयजलापूर्ति कर रहा है, उसी तरह इन मोहल्लों में पाइप बिछाये जाने के बावजूद पानी नहीं आ रहा है, उन मोहल्लों में भी टैंकर से पीने का पानी भेजा जाए। उपायुक्त नगर निगम को आदेश दें कि मोहल्ला वार सूची बना कर टैंकर की व्यवस्था करें और पेयजल की व्यवस्था कराए। यदि टैंकर से मोहल्लों में पानी नहीं भेजा जाएगा तो लोगों का आक्रोश जिला प्रशासन और मानगो नगर निगम के खिलाफ फूटेगा और इसकी जिम्मेदारी मानगो नगर निगम की होगी।
