logo

कल से 1 अगस्त तक झारखंड के इन इलाकों में भारी बारिश के आसार, यलो अलर्ट जारी

वोीगेप93.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
30 जुलाई से 1 अगस्त तक झारखंड के अलग-अलग हिस्सोों मे भारी बारिश होने की संभावना हैं। यह बंगाल की खाड़ी में बन रहे लो प्रेशर के कारण होगा। मौसम विभाग ने इसे लेकर येलो और ऑरेंज अलर्ट भी जारी कर दिया है। 30 जुलाई को राज्य के दक्षिणी-पश्चिमी तथा मध्य हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं निकटवर्ती उत्तरी हिस्सों में भी कई स्थानों पर भारी बारिश के अनुमान हैं। 


इन जिलों में बारिश की संभावना 
31 जुलाई को लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, रांची और खूंटी जिलों के कई स्थानों पर मूसलाधार बारिश होने का अनुमान है। इसको लेकर मौसम केंद्र ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अतिरिक्त दक्षिणी-पूर्वी, उत्तर-पश्चिमी तथा निकटवर्ती हिस्सों में कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। एक अगस्त को उत्तर-पश्चिमी तथा निकटवर्ती उत्तर-मध्य भागों में बारिश हो सकती है। इस दौरान कई स्थानों पर वज्रपात की भी आशंका है। 

पिछले 24 घंटों में कैसा रहा मौसम का मिजाज

राज्य में रविवार को मानसून कमजोर रहा। रांची समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्के बादल छाए रहे। पिछले 24 घंटे में जमशेदपुर में दो एमएम बारिश हुई है। पिछले 24 घंटे में बोकारो में सबसे अधिक 70 मिलीमीटर बारिश हुई। वहीं कांके में 45 मिमी, राजधनवार में 40 मिमी बारिश हुई। राज्य में इस मानसून सीजन के दौरान 43 फीसदी कम बारिश हुई है। 

पूरे राज्य में एक जून से अब तक सामान्य वर्षापात 478.3 मिमी के मुकाबले मात्र 273 मिमी बारिश हुई है। इससे राज्य में कृषि कार्य काफी धीमा चल रहा है। नए पूर्वानुमान से बारिश में कमी की भरपाई के साथ कृषि कार्यों को गति मिलने की संभावना है। पिछले दो दिन की बारिश से राज्य के पांच जिलों में मानसून में कुछ सुधार हुआ है। राज्य में अब कम बारिश का आंकड़ा मात्र 43 फीसदी रह गया है।

 

Tags - Rain Jharkhand Rain Monsoon Jharkhand Rain in Jharkhand Low Pressure in Jharkhand Rainy Season