पचंबा/गिरिडीह:
Giridih News: गिरिडीह जिले के पचंबा थानाक्षेत्र में चोरी की घटनाओं का उद्भेदन करते हुए गिरिडीह पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की 24 बैटरियां और एसी के 7 यूनिट बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने बताया कि पुलिस ने चोरी की एक बड़ी घटना का खुलासा किया है। इसमें ट्रकों से बैटरी और टर्मिनल चोरी करने के साथ-साथ एक निजी कंपनी से एसी उपकरणों की चोरी का मामला भी शामिल है। एसपी ऑफिस से मिली जानकारी के मुताबिक 21 अक्टूबर को पचंबा बाजार समिति परिसर में खड़े ट्रकों से अज्ञात चोरों द्वारा बैटरी और टर्मिनल चोरी किए जाने की सूचना मिली थी। इस संबंध में पचंबा थाना कांड संख्या 102/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

गिरफ्तार आरोपियों ने चोरी में संलिप्तता स्वीकार की
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर उनसे पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने इस घटना के साथ अन्य चोरी की घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
24 बैटरियां और एसी के सात यूनिट बरामद किए
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर बीपीएल कंपनी 4 इनडोर और 3 आउटडोर एसी यूनिट के साथ 24 बैटरियां बरामद की हैं। पुलिस के मुताबिक, बरामद एसी उपकरण एक निजी कंपनी से चोरी किए गए थे। पुलिस अब चोरी की अन्य घटनाओं और बरामद सामान के संबंध में भी जांच कर रही है।

पुलिस ने इन 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है
पुलिस ने पचंबा के लखारी निवासी सत्यम कुमार, दर्जी मुहल्ला स्थित तिरंगा चौक निवासी मोहम्मस शमशेर, पचंबा के मोहम्मदपुर निवासी मोहम्मद एहसान अंसारी, बरवाडीह, भूत बंगला निवासी मोहम्मद सरताज अंसारी, पचंबा के मोहम्मदपुर के रहने वाले मोहम्मद बशीर शाह और गिरिडीह नगर थानाक्षेत्र अंतर्गत तिरंगा चौक निवासी अरमान खान को गिरफ्तार किया है।
छापेमारी दल में ये पुलिसकर्मी थे शामिल
कार्रवाई में पचंबा अंचल के पुलिस निरीक्षक रामेश्वर भगत, थाना प्रभारी राजीव कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक दीपक कुमार, सोनू कुमार वर्मा, सहायक अवर निरीक्षक रंजीत पिंगुआ सहित पचंबा थाना रिजर्व गार्ड और तकनीकी शाखा की टीम शामिल रही। पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने बताया कि तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चोरी की घटनाओं का खुलासा किया गया है।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।