logo

गिरिडीह : सरिया थाना क्षेत्र में 6 लाख की चोरी का खुलासा, 4 गिरफ्तार, 2 की तलाश जारी

wetzs.jpg

द फॉलोअप डेस्क
सरिया पुलिस ने पेठियाटांड निवासी कैलाश मंडल के घर में हुई 6 लाख की बड़ी चोरी का खुलासा करते हुए चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं दो अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान जारी है। सोमवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) धनंजय राम ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी।

एसडीपीओ ने बताया कि 21 अगस्त की रात चोरों ने कैलाश मंडल के घर में धावा बोलकर लगभग 6 लाख रुपये नगद, सोने के जेवरात और अन्य सामान की चोरी की थी। वादी द्वारा 22 अगस्त को दर्ज कराई गई प्राथमिकी (कांड संख्या 150/2025, धारा 331(8) एवं 305(ए) बीएनएस) के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
तकनीकी अनुसंधान और छापेमारी के दौरान 28 अगस्त को प्राथमिक अभियुक्त नागेश्वर मंडल उर्फ नागो मंडल और प्रदीप पासवान को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उनके अन्य साथियों के नाम भी सामने आए। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सुदेश पासवान उर्फ बाबूराम और मदन पंडित उर्फ चिंतामणि को भी दबोच लिया। इनके बयान पर दो अन्य अपराधी राधे पासवान और एक अज्ञात आरोपी फरार बताए गए हैं।

गिरफ्तार अपराधियों के पास से घटना में प्रयुक्त चार मोबाइल फोन (दो छोटे एवं दो बड़े) बरामद किए गए हैं। एसडीपीओ ने बताया कि चोरी की इस घटना में झारखंड के अलावा बिहार के जमुई और कोडरमा जिलों के अपराधियों का भी नेटवर्क जुड़ा हुआ है। छापेमारी दल में एसडीपीओ धनंजय राम, पुलिस निरीक्षक अजय कुमार, थाना प्रभारी आलोक कुमार सिंह, एएसआई सरवन कुमार, गणेश लकड़ा समेत थाना सशस्त्र बल शामिल थे।  एसडीपीओ धनंजय राम ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधियों पर नकेल कसी जा सके।



 

Tags - latest Giridih news Giridih news updates latest Jharkhand News jharkhand Naxal news jharkhand Naxal news updates babulal marandi son murder latest jharkhand News jharkhand News updates Jharkhand News updates latest updates jharkhand naxali news