द फॉलोअप डेस्क
पचंबा थाना क्षेत्र के तेलोडीह पंचायत सचिवालय में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने तेलोडीह निवासी असगर अंसारी को गिरफ्तार किया है। वहीं चोरी की गई पंचायत सचिवालय की संपत्ति—सीपीयू, मॉनिटर, की-बोर्ड, माउस और प्रिंटर को भी बरामद कर लिया गया है।
इस संबंध में पचंबा थाना परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता में इंस्पेक्टर मंटू कुमार और थाना प्रभारी राजीव कुमार ने संयुक्त रूप से जानकारी दी। बताया गया कि बीते 27 जुलाई की रात पंचायत सचिवालय में चोरी की वारदात हुई थी। इस मामले में स्थानीय मुखिया सब्बीर आलम ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर मामले पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की।
गिरिडीह एसपी डॉ विमल कुमार के निर्देश पर थाना प्रभारी राजीव कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। छापेमारी अभियान चलाकर पुलिस ने 48 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए आरोपी असगर अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर चोरी किये गए सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को भी बरामद कर लिया गया। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।