द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह जिले के देवरी थाना क्षेत्र के जलखरियोडीह गांव में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक महिला जिस बक्से को खजाना या कीमती सामान समझकर अपने घर ले आई थी, उसे खोलते ही अंदर से एक विशालकाय अजगर निकला। इस घटना के बाद महिला के साथ-साथ पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, जलखरियोडीह गांव की एक महिला चकाई से ऑटो पर सवार होकर अपने घर लौट रही थी। उसी ऑटो में एक अज्ञात व्यक्ति कपड़े में लिपटा हुआ लकड़ी का बक्सा लेकर चढ़ा था। वह व्यक्ति बटपार गांव के पास उतर गया, लेकिन अपना बक्सा ऑटो में ही भूल गया। जब महिला अपने गांव पहुंची, तो ऑटो चालक ने भूलवश उस लावारिश बक्से को भी महिला के सामान के साथ उतार दिया।
महिला उस लावारिस बक्से को लेकर अपने घर पहुंची। उसे उम्मीद थी कि शायद इसमें कोई कीमती वस्तु या खजाना हो सकता है। लेकिन जैसे ही उसने बक्से का ढक्कन खोला, उसकी चीख निकल गई। बक्से के अंदर एक भारी-भरकम अजगर कुंडली मारकर बैठा हुआ था। डर के मारे महिला ने किसी तरह खुद को संभाला, बक्सा बंद किया और उसे गांव के तालाब के पास फेंक दिया।.jpg)
बाद में ग्रामीणों ने हिम्मत जुटाकर अजगर को दोबारा बक्से में बंद किया और इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और अजगर को अपने कब्जे में लिया। वहीं मामले को लेकर वनकर्मी ने जानकारी दी कि ग्रामीणों की सूचना पर 15 किलोग्राम वजनी अजगर के बच्चे (शिशु अवस्था) को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है। उसे इंसानी आबादी से दूर सुरक्षित जंगल में ले जाकर छोड़ दिया गया है।"