द फॉलोअप डेस्क
रामनवमी के अवसर पर शुक्रवार को जामताड़ा शहर के बस स्टैंड स्थित वर्षों से बंद पड़ा पियाऊ पुनः चालू कर दिया गया। इस सुविधा का शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता, उपाध्यक्ष प्रतिनिधि सुनील बाउरी तथा अन्य वार्ड पार्षदों की उपस्थिति में किया गया। लंबे समय से बंद इस पियाऊ के शुरू होने से यात्रियों और स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिली है। उल्लेखनीय है कि इस समस्या को लेकर पहले खबर भी प्रकाशित की गई थी, जिसके बाद इसका सकारात्मक असर देखने को मिला और पियाऊ को पुनः चालू कर दिया गया। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता ने कहा कि गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए पियाऊ को फिर से शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि चुनाव के बाद से ही नगरवासियों की ओर से लगातार इसे चालू करने की मांग की जा रही थी। बस स्टैंड जैसे व्यस्त स्थान पर आने-जाने वाले लोगों के लिए पीने के पानी की सुविधा अत्यंत आवश्यक है, जिसे अब बहाल कर दिया गया है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि नगर के सभी मोहल्लों और वार्डों में पानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी तथा खराब पड़े नलों को प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराया जाएगा।
नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी सौमा खंडेत ने बताया कि पियाऊ के पुनः संचालन के साथ ही आने वाले दिनों में यहां ठंडा पानी उपलब्ध कराने के लिए मशीन भी लगाई जाएगी। उन्होंने कहा कि जलापूर्ति से संबंधित समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए नगर पंचायत पूरी तरह प्रतिबद्ध है और सभी वार्ड पार्षदों से प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। वहीं समाजसेवी तरुण गुप्ता ने कहा कि बस स्टैंड पर हर वर्ग के लोग आते हैं और लंबे समय से पियाऊ बंद रहने के कारण लोगों को पानी के लिए परेशान होना पड़ता था। अब इसके शुरू होने से यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी। इस मौके पर वार्ड पार्षद अशोक कुमार साव, दीनबंधु सिंह सहित अन्य पार्षद और नगर पंचायत के कर्मी उपस्थित थे।
