बरडीहा/गढ़वा:
गढ़वा का बरहीडा कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय गलत कारणों से चर्चा में है। यहां 3 महिला गार्ड सविता, बबीता और प्रियंका को कथित तौर पर नोटिस दिए बिना हटाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। स्कूल की वार्डन कंचन कुमारी पर संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त होने का आरोप है। जिला परिषद सदस्य अर्चना प्रकाश ने आरोप लगाया है कि वार्डन का सुहैल अंसारी नाम के युवक से अनैतिक संबंध है और वह अक्सर रात को भी बिना एंट्री किए विद्यालय परिसर में घुसता है। महिला गार्ड सविता और बबीता ने भी इन आरोपों को दोहराते हुए दावा किया है कि सुहैल अंसारी के इस प्रकार स्कूल में घुसने का विरोध करने की वजह से ही उन्हें नौकरी से हटा दिया गया। मंगलवार को शिकायतों की जांच करने एसडीएम मयंक भूषण की अगुवाई में 3 सदस्यीय टीम स्कूल पहुंची थी।

वार्डन और जिला परिषद सदस्य के बीच हुई थी बहस
गौरतलब है कि पिछले दिनों बरडीहा कस्तूरबा आवासीय विद्यालय की वार्डन और जिला परिषद सदस्य अर्चना प्रकाश के बीच बहस का वीडियो सामने आया था। इसके बाद वार्डन ने जिला परिषद सदस्य और उप-प्रमुख समेत कुछ अन्य लोगों पर एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया था। अर्चना प्रकाश ने वार्डन पर स्कूल का माहौल खराब करने का आरोप लगाया है। आरोपों पर हमारे संवाददाता ने वार्डन का पक्ष जानने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें इस मुद्दे पर बातचीत करने से इनकार कर दिया।

उप-प्रमुख ने फर्जी एफआईआर का लगाया आरोप
उप-प्रमुख सत्येंद्र पासवान ने कहा कि लंबे समय से वार्डन की गतिविधियां सवालों के घेरे में है। वह अक्सर बाजार में भी सुहैल अंसारी के साथ घूमती देखी जाती हैं। स्थानीय लोग काफी परेशान हैं, क्योंकि उनकी बच्चियां यहां पढ़ती हैं। उन्होंने दावा किया कि स्कूल में बच्चियों के रहने लायक सुरक्षित परिसर और पढ़ाई करने के लिए अनुकूल वातावरण बनाने की मांग करने पर उनके सहित अन्य लोगों पर एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज करा दिया गया। उन्होंने मामले की गहन जांच की मांग की।

नौकरी से निकाली गईं महिला गार्ड ने किया दावा
पुलिस ने मंगलवार को 4 घंटे तक पूछताछ के बाद सुहैल अंसारी को हिरासत में लिया है। महिला गार्ड सविता देवी ने आरोप लगाया कि वार्डन दबाव बनाती थीं कि सुहैल और अनिल नाम के युवक को बिना एंट्री के ही स्कूल परिसर में घुसने दिया जाये। सविता ने आरोप लगाया कि वार्डन उन्हें कमरे में बंद कर देती थीं, फिर सुबह चाबी सौंपती थीं। नौकरी से हटाई गई महिला गार्ड बबीता ने बताया कि सुहैल अंसारी, दरअसल एक अन्य महिला गार्ड अफसाना परवीन का पति है। बबीता ने दावा किया कि पति सुहैल के वार्डन के साथ अवैध संबंधों से परेशान होकर ही अफसाना परवीन मायके में रहती है।
SDM मयंक भूषण के नेतृत्व में बनी है जांच कमिटी
स्कूल में अनियमितता की शिकायतों की जांच करने मंगलवार को एसडीएम मयंक भूषण, जिला शिक्षा पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी और थाना प्रभारी कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय पहुंचे। अधिकारियों ने करीब 4 घंटे तक स्कूल परिसर में विद्यालय प्रबंधन से जुड़े लोगों से पूछताछ की। इसमें कई तथ्य और शिकायतें सामने आईं। जांच रिपोर्ट उपायुक्त को सौंपी जायेगी। एसडीएम मयंक भूषण ने कहा कि प्रबंधन के स्तर पर कुछ लापरवाही सामने आई है।
हम शिकायतों और तथ्यों की समीक्षा करेंगे। डीसी को रिपोर्ट सौंपेंगे। आगे डीसी के निर्देश पर कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि बच्चियों की पढ़ाई के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना प्रबंधन की जिम्मेदारी है।