logo

अमेरिकी संस्था DFC ने खनिज आधारित उद्योग, निवेश और प्रसंस्करण के क्षेत्र में दिखायी रुचि

कप.jpg

द फॉलोअप, रांची
झारखंड के खनिज और औद्योगिक क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं को लेकर मंगलवार को महत्वपूर्ण बैठक हुई। यूएस इंटरनेशनल डेवलपमेंट फाइनेंस कॉरपोरेशन (DFC) के दक्षिण एशिया के क्षेत्रीय प्रबंध निदेशक जतिन बत्रा और बिजनेस डेवलपमेंट स्पेशलिस्ट करिश्मा रोहरा ने रांची में झारखंड सरकार के खान एवं भूतत्व विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। बैठक में राज्य के क्रिटिकल मिनरल्स, खनिज अन्वेषण, खनिज प्रसंस्करण और खनिज आधारित उद्योगों में निवेश की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया। प्रतिनिधिमंडल का यह दौरा झारखंड में उपलब्ध निवेश अवसरों का आकलन करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था।

बैठक में खान एवं भूतत्व तथा उद्योग विभाग के सचिव अरवा राजकमल, खान निदेशक राहुल कुमार सिन्हा और उद्योग निदेशक विशाल सागर भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने राज्य की औद्योगिक नीति, निवेशकों को दी जा रही सुविधाओं, Ease of Doing Business के तहत किए गए सुधारों और निवेश-अनुकूल माहौल की जानकारी अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल को दी। इस दौरान खनिज संसाधनों में वैल्यू एडिशन, डाउनस्ट्रीम उद्योगों के विकास और निजी निवेश को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार की योजनाओं पर भी चर्चा हुई। अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड की समृद्ध खनिज संपदा और निवेशोन्मुखी नीतियों की सराहना करते हुए खनिज एवं औद्योगिक क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं में रुचि दिखाई। राज्य सरकार ने कहा कि वह खनिज संसाधनों के पारदर्शी, जिम्मेदार और सतत विकास के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही खनिज आधारित औद्योगिकीकरण, निवेश संवर्धन, रोजगार सृजन और समावेशी आर्थिक विकास को गति देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

Tags - USA DFC Jharkhand minerals investment exploration critical minerals industry