गढ़वाः
गढ़वा में नक्सलियों ने सुरक्षाबल की टीम को उड़ाने के लिए सड़क में टिफिन बम बिछा रखा था। सुरक्षाबलों ने समय रहते बम को डिफ्यूज कर दिया है। भंडरिया थाना क्षेत्र के बहराटोली गांव में नक्सलियों ने एक कच्ची सड़क में बम प्लांट किया था। बम को डिफ्यूज करने के दौरान जोरदार धमाका भी हुआ है, जिससे इलाके में दहशत फैल गई है।

नक्सली प्रतिरोध सप्ताह मना रहे
डीआईजी पलामू राजकुमार लाकड़ा ने बताया कि सर्च ऑपरेशन जारी है। बता दें कि भंडरिया थाना का बूढ़ा पहाड़ इलाका नक्सलियों का गढ़ माना जाता है। यहां नक्सलियों के कैंप भी हैं। इन दिनों नक्सली प्रतिरोध सप्ताह मना रहे हैं। जिसमें एक पुल, मोबाइस टावर और रेलवे लाइन उड़ा चुके हैं। गढ़वा में सुरक्षा बल को बम से उड़ाने की उनकी योजना थी। लेकिन, सुरक्षा बलों ने साजिश को नाकाम कर दिया है।

सर्च अभियान जारी है
बूढ़ा पहाड़ इलाके में सीआरपीएफ 172 बटालियन और झारखंड पुलिस का संयुक्त अभियान चल रहा है। इसी के तहत मंगलवार को भी जंगलों में सर्च ऑपरेशन जारी था। कच्ची सड़क में टिफिन बम प्लांट किया गया जो पुलिस को दिख गया। बम देखने के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को सील कर दिया और तकनीकी टीम की मदद से बम डिफ्यूज कर दिया।