द फॉलोअप डेस्क
संसद के मॉनसून सत्र का आज तीसरा दिन था। आज भी सत्ता और विपक्ष के बीच खूब हंगामा हुआ, ऐसे में विपश के हंगामे के बीच सदन (लोकसभा और राज्यसभा) की कार्यवाही गुरुवार, 24 जुलाई की सुबह 11 बजे तक स्थगित कर दी गई है। बता दें कि पहले दो दिनों की तरह ही आज की कार्यवाही भी दोनों सत्ता और विपक्ष के बीच टकराव के कारण बाधित रही। आज संसद परिसर में बिहार के SIR अभियान को लेकर विपक्षी दलों ने एक बार फिर विरोध प्रदर्शन किया। ऐसे में लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से लेकर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव भी काले कपड़ों में नजर आए। विपक्ष ने SIR अभियान के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बता दें कि संसद के मॉनसून सत्र के दौरान सबसे चर्चित मुद्दों में शामिल ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर चर्चा की तारीख तय की गई है। इसे लेकर अब राज्यसभा में 29 जुलाई को 16 घंटों तक चर्चा होगी।
सदन की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित
बता दें कि 'ऑपरेशन सिंदूर', बिहार में मतदाता सूची पुनरीक्षण और अन्य कई मुद्दों को लेकर आज दोपहर 2 बजे के बाद भी विपक्षी सांसदों का हंगामा लगातार जारी रहा। उस समय लोकसभा में पीठासीन सभापति कृष्णा प्रसाद तेन्नेटी ने सभी सदस्यों से शांति बनाए रखने और कार्यवाही चलाने में सहयोग करने की अपील की। लेकिन जब हंगामा थमता नहीं दिखा, तो उन्होंने मात्र 3-4 मिनट की कार्यवाही के बाद लोकसभा की कार्यवाही गुरुवार, 24 जुलाई की सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।
वहीं राज्यसभा में भी दोपहर 2 बजे के बाद पीठासीन सभापति भुवनेश्वर कालिता ने कार्यवाही शुरू करवाई। हालांकि, विपक्षी सांसदों की नारेबाजी के चलते वहां भी कार्यवाही बाधित हो गई। स्थिति को देखते हुए उन्होंने केवल 4 मिनट की कार्यवाही के बाद राज्यसभा को भी गुरुवार, 24 जुलाई की सुबह 11 बजे तक स्थगित करने की घोषणा की।
