logo

7 जिलों का तापमान 40 के पार, फिलहाल बारिश के आसार नहीं

GARMIMAUSAM.jpg

द फॉलोअप डेस्कः 
इस बार अप्रैल की गर्मी ने ही राज्य में हाय तौबा मचा दिया है। दोपहर के वक्त का तो मंजर ऐसा होता है जैसे आग निकल रही है।  राज्य के 7 जिलों में तापमान 40 के ऊपर चला है। अभी गर्मी इतने में ही नहीं मानने वाली है। पारा और चढ़ने वाला है। बुधवार को सबसे गर्म चाईबासा रहा है। अब कई कई हिस्सों में लू और गर्म हवाएं तेज होने लगी है। कई जिलों में लू चलनी शुरू हो गयी है।  राजधानी रांची का भी तापमान लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों में राज्य के कई जिलों का तापमान 42 के पार जा सकता है। फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है। 

अस्पतालों में बढ़ रहे मरीज

बढ़ती गर्मी के साथ ही अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। ओपीडी में बुखार, दस्त, गले में दर्द और कमजोरी की शिकायत लेकर मरीज पहुंच रहे हैं। ओपीडी में ऐसे मरीजों की संख्या 30 प्रतिशत तक बढ़ी है। रिम्स में हर दिन ओपीडी में 350 मरीज इलाज कराने पहुंच रहे हैं। आम दिनों में यह संख्या कम रहती है। दूसरी ओर सदर के नए भवन में ओपीडी शुरू होने के बाद यहां भी मरीजों की संख्या बढ़ी है। रिम्स मेडिसिन विभाग के एचओडी डॉ. विद्यापति बताते हैं कि मौसम में बदलाव होने पर वायरल फीवर के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ती है। अभी जो मरीज आ रहे हैं, उसमें बच्चे से लेकर बड़े सभी शामिल है। उन्होंने बताया कि इस तरह के वायरल से डरने की जरूरत नहीं है, यह पांच दिनों में ठीक हो जाता है।


कहां कितना रहा तापमान 
रांची का तापमान अभी 36.2 डिग्री पर है। बुधवार को चाईबासा का तापमान 41 डिग्री रहा। मेदिनीनगर में पारा 40.8 डिग्री रहा। जमशेदपुर में तापमान 40.4 रहा। धनबाद, जामताड़ा, पाकुड़ और गोड्डा में अधिकतम तापमान 40 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने कहा है कि अप्रैल महीने में गर्मी बढ़ने के आसार हैं। अगले पांच दिनों के दौरान राज्य का तापमान 42.0 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है।