रांची
थाईलैंड में आयोजित इंटरनेशनल एयर गन राइफल शूटिंग चैंपियनशिप 2026 में स्वर्ण पदक जीतकर देश और झारखंड का नाम रोशन करने वाली जामताड़ा जिले के नाला क्षेत्र अंतर्गत कुंडहित की बेटी देवासी हेम्ब्रम को गुरुवार को झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो ने सम्मानित किया।
विधानसभा अध्यक्ष ने अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित सम्मान समारोह में देवासी हेम्ब्रम को पारंपरिक शॉल ओढ़ाकर, स्मृति-चिह्न और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। इस दौरान उन्होंने देवासी की ऐतिहासिक उपलब्धि की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

झारखंड के लिए गर्व का क्षण- स्पीकर
इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष रबिन्द्रनाथ महतो ने देवासी के माता-पिता और उनके प्रशिक्षक को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि देवासी ने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण के बल पर यह बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने कहा झारखंड की बेटियां खेल के क्षेत्र में लगातार नई ऊंचाइयों को छू रही हैं और राज्य का मान बढ़ा रही हैं। देवासी हेम्ब्रम की यह सफलता राज्य की अन्य युवा प्रतिभाओं के लिए प्रेरणा बनेगी। देवासी की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने इसे झारखंड के लिए गर्व का क्षण बताया है।