logo

पत्थर-हथौड़े से कूचा सिर, रेलवे ट्रैक पर फेंकी लाश; सरायकेला में अमित हत्याकांड का खुलासा

पत्थर-हथौड़े से कूचा सिर, रेलवे ट्रैक पर फेंकी लाश; सरायकेला में अमित हत्याकांड का खुलासा

सरायकेला-खरसावां:

सरायकेला खरसावां जिले के RIT थानाक्षेत्र में अमित सरदार नाम के युवक की हत्या कर शव को रेलवे लाइन पर फेंके जाने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को रेलवे लाइन पर फेंका गया था। गिरफ्तार आरोपियों को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि 25 जुलाई 2026 को मृतक की 54 वर्षीय रिश्तेदार बेहुला देवी ने RIT थाने में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ शिकायत की थी। महिला के लिखित आवेदन पर कांड संख्या 35/26 दर्ज किया गया। केस दर्ज करके पुलिस छानबीन में जुट गई थी। 

पुलिस ने 4 संदिग्ध आरोपियों को पकड़ा
पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान टीम को महत्वपूर्ण सुराग मिले। सुरागों के आधार पर पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर 4 संदिग्धों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने अमित सरदार हत्याकांड में संलिप्तता के आरोप में 26 वर्षीय दीकू किस्कू उर्फ बाबू किस्कू, 38 वर्षीय सोमा मुंडा उर्फ बुका मुंडा, 27 साल के स्वरूप सोरेन उर्फ कतुरु और 18 साल के मिलन सिंह को गिरफ्तार किया है। चारों आरोपी आदित्यपुर इलाके के रहने वाले हैं। 

हत्या में प्रयुक्त हथियार किया बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बताए जा रहे 2 लोहे का हथौड़ा, 4 स्मार्टफोन, 01 मोटरसाइकिल और मृतक की शर्ट में लपेटा हुआ एक पत्थर बरामद किया है। बरामद सामान को पुलिस ने जांच के लिए जब्त कर लिया है। पुलिस अब हत्या के पीछे के कारणों, आरोपियों के बीच आपसी संबंध तथा घटना में प्रत्येक आरोपी की भूमिका की पड़ताल कर रही है। मामले में पुलिस को और भी महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना जताई जा रही है।

Tags - Jharkhand NewsCrime SceneSaraikela KharwanaMurderCrime News