logo

Ranchi : मार्च के अंत तक शुरू हो सकती है शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया, संसोधित नियमावली को मिली मंजूरी

tech2.jpg

रांचीः

राज्य में प्राथमिक व मध्य विद्यालय में शिक्षकों की पिछली नियुक्ति वर्ष 2015-16 में हुई थी। साल 2015 में जमा आवेदन के आधार पर ही वर्ष 2018-19 में भी हाइकोर्ट के आदेश पर नियुक्ति के लिए काउंसलिंग हुई थी। ऐसे में राज्य में पिछले 6 साल से प्राथमिक व मध्य विद्यालयों में शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है। इस साल नियुक्ति प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है।विभाग द्वारा जरूरी प्रक्रिया पूरी की गई
इसके लिए विभाग द्वारा आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है। प्राथमिक शिक्षक नियुक्ति नियमावली को कार्मिक विभाग से स्वीकृति भी मिल गई है। जेटेट नियमावली में संशोधन की प्रक्रिया पूरी हो गई है। नियुक्ति नियमावली भी इस माह के अंत तक पूरी होने की संभावना है। माह के अंत तक अगर  नियमावली को कैबिनेट से भी स्वीकृति मिल जाती है तो नियुक्ति प्रक्रिया जल्द शुरू होगी।

अब तक 2 बार हुई है परीक्षा 
शिक्षा अधिकार अधिनियम के प्रावधान के अनुरूप कक्षा एक से 8 में शिक्षकों की नियुक्ति के लिए अभ्यर्थी का जेटेट में सफल होना अनिवार्य है। राज्य में अब तक 2 शिक्षक पात्रता परीक्षा हुई है। वर्ष 2013 की जेटेट में 55 हजार अभ्यर्थी सफल हुए थे। 2016 में 52 हजार अभ्यर्थी सफल हुए थे लेकिन उन्हें नियुक्ति प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर नहीं मिला है। तैयारी की जा रही है कि राज्य में शिक्षक पात्रता परीक्षा के पूर्व प्राथमिक शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की जाये, ताकि जेटेट सफल अभ्यर्थियों को नियुक्ति में शामिल होने का अवसर मिल सके। 

जैक को भेजी गई है नियमावली
राज्य के प्राथमिक व मध्य विद्यालय में शिक्षकों के 26 हजार पद रिक्त हैं। शिक्षकों की नियुक्ति के लिए परीक्षा ली जायेगी। झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा सफल अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। शिक्षक नियुक्ति में पारा शिक्षकों के लिए 50 फीसदी सीट आरक्षित किया गया है। राज्य में फिलहाल 13 हजार पारा शिक्षक टेट पास हैं । बता दें कि जेटेट की परीक्षा झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक)  द्वारा ली जायेगी।  विभाग ने जैक को संशोधित नियमावली भेज दी गयी है।