logo

विनीत तिवारी हत्याकांड : पुलिस ने दिलीप तिवारी उर्फ मंटू को कराया पैदल मार्च, मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी कब!

a647.jpg

मेदिनीनगर/पलामू:

पलामू के बहुचर्चित विनीत तिवारी हत्याकांड में जेल में बंद दिलीप तिवारी उर्फ मंटू तिवारी को रविवार को टाउन थाना पुलिस ने पैदल मार्च कराया। मंटू तिवारी को डीएसपी राजेश यादव और मेदिनीनगर टाउन थाना प्रभारी ज्योति लाल की अगुवाई में पुलिस टीम ने टाउन थाना से सेंट्रल जेल (पलामू) तक पैदल मार्च कराया। विनीत तिवारी हत्याकांड को लेकर पूछताछ के उद्देश्य से पुलिस ने दिलीप तिवारी को बीते शनिवार को रिमांड पर लिया था। 24 घंटे  की रिमांड अवधि खत्म होने के बाद पुलिस उसे पैदल मार्च कराते हुए जेल ले गई।

गौरतलब है कि इस सनसनीखेज हत्याकांड में मुख्य आरोपी प्रदीप तिवारी उर्फ महाकाल की अब तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। दिलीप तिवारी, प्रदीप तिवारी का ही भाई है। इस केस में मृतक विनीत तिवारी के परिजनों ने प्रदीप तिवारी और दिलीप तिवारी के अलावा अन्य 5 लोगों को नामजद आरोपी बनाते हुए केस दर्ज कराया है।

दिलीप तिवारी उर्फ मंटू ने दी अहम जानकारी!
बताया जाता है कि रिमांड अवधि में पूछताछ के दौरान दिलीप तिवारी ने टाउन थाना पुलिस को हत्याकांड को लेकर अहम जानकारी दी है। यह भी जानकारी मिली है कि आरोपी ने इस केस के मुख्य आरोपी  प्रदीप तिवारी के  बारे में भी अहम सुराग दिया है। पुलिस, रिमांड अवधि में मिली जानकारियों के आधार पर मुख्य आरोपी तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। गौरतलब है कि मुख्य आरोपी प्रदीप तिवारी हत्याकांड के 1 महीने से ज्यादा वक्त बीत जाने के बाद भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। इस देरी की वजह से मृतक विनीत तिवारी और स्थानीय लोगों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर नाराजगी है। परिजनों ने प्रदीप तिवारी की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की है।

 

24 अप्रैल को मिली थी विनीत तिवारी की लाश
गौरतलब है कि व्यवसायी विनीत तिवारी का 23 अप्रैल की रात को अपहरण कर लिया गया था। 24 अप्रैल को विनीत तिवारी की क्षत-विक्षत लाश नग्न हालत में जोरकट में मिली थी। बताया जाता है कि इस केस में पुलिस ने उसी रात दिलीप तिवारी उर्फ मंटू तिवारी को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने दिलीप तिवारी को 1 सप्ताह के लिए रिमांड पर लिया और फिर पूछताछ के बाद जेल भेज दिया था। हालांकि, हैरानी की बात है कि इस केस में 1 महीने से भी ज्यादा वक्त बीत जाने के बाद भी मुख्य आरोपी को गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। विनीत तिवारी का शव मिलने के बाद परिजनों के साथ स्थानीय लोगों ने भी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर कैंडल मार्च निकाला था। 

विनीत तिवारी के परिजनों को न्याय चाहिए
विनीत तिवारी के परिजनों को आज भी न्याय का इंतजार है। वे उम्मीद लगाए बैठे हैं कि बहुत जल्द मुख्य आरोपी प्रदीप तिवारी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उनका कहना है कि हर बीतता दिन उनके लिए नई पीड़ा लेकर आता है। इंतजार केवल इतना है कि कब उनके बेटे को न्याय मिलेगा। परिजनों का कहना है कि वे विनीत तिवारी हत्याकांड के सभी आरोपियों को कानून के कठघरे में खड़ा देखना चाहते हैं। स्थानीय लोगों ने भी सवाल करना शुरू कर दिया है कि पुलिस की जांच आखिर किस दिशा में बढ़ रही है कि मुख्य आरोपी अभी भी गिरफ्त से बाहर है। क्या आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदल रहा है।

क्या वह झारखंड छोड़कर भाग चुका है। बताया जाता है कि पुलिस, प्रदीप तिवारी की गिरफ्तारी के लिए बड़ी रणनीति तैयार कर रही है। पुलिस के पास सवालों का जवाब है, लेकिन वो जांच पूरी होने तक इस विषय पर खुलकर कुछ भी बोलने से बच रही है।  

Tags - Jharkhand NewsPalamu NewsVineet TiwariMurder CaseCrime News