जमशेदपुर:
घाटशिला थानाक्षेत्र में ब्राउन शुगर की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 2 युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 13.12 ग्राम ब्राउन शुगर, एक बाइक और 2 मोबाइल फोन बरामद किया है। दोनों आरोपी मुसाबनी से ब्राउन शुगर की खेप लेकर घाटशिला में बिक्री के लिए पहुंचे थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुसाबनी 3 नंबर हरिजन बस्ती निवासी 19 वर्षीय जय महानंद और मुसाबनी निवासी 19 वर्षीय आकर्षित कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

SSP को मिली गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने रविवार को जमशेदपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि 29 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली थी कि मुसाबनी से 2 युवक ब्राउन शुगर लेकर घाटशिला पहुंचने वाले हैं। सूचना के आधार पर एसएसपी के निर्देश पर घाटशिला एसडीपीओ विकास कुमार लागुरी के नेतृत्व में छापामारी टीम गठित की गई। टीम ने अमायईनगर पुलिया के पास संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर 2 युवकों को रोका। तलाशी लेने पर उनके पास से 13.12 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। पुलिस ने मौके से काले रंग की स्प्लेंडर बाइक और दो मोबाइल फोन भी जब्त किया।
पुलिस अब बरामद ब्राउन शुगर के स्रोत और इसके पीछे सक्रिय सप्लाई नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस कारोबार में आरोपियों के अलावा और कौन-कौन लोग शामिल हैं।