गोड्डा:
गोड्डा में बीते 8 जुलाई को बंगाल ज्वेलर्स में हुए लूटकांड का खुलासा हो गया। पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिले के एसपी ने प्रेस कांफ्रेंस करके घटना की सिलसिलेवार ढंग से जानकारी दी। गौरतलब है कि 8 जुलाई को गोड्डा में बंगाल ज्वेलर्स में 3 हथियारबंद अपराधियों ने दुकान मालिक वासुदेव रॉय को हथियार दिखाकर लूटा और भागते समय फायरिंग भी की। इस मामेल में गोड्डा नगर थाना में 9 जुलाई को कांड संख्या 125/2026 के तहत केस दर्ज कर छानबीन शुरू की गई।

विशेष एसआईटी का गठन किया गया था
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गोड्डा के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, गोड्डा के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। SIT ने तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर गहन अनुसंधान करते हुए पूर्व में आसपास के जिलों में हुई लूट की घटनाओं से जुड़े अपराधियों एवं उनके सहयोगियों के खिलाफ छापेमारी की। जांच के दौरान इस कांड में शामिल अपराधियों की पहचान कर 2 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में 24 वर्षीय अजीत यादव और 38 साल का राजेश यादव शामिल है।
दोनों अभियुक्त देवघर जिला के अलग-अलग थानाक्षेत्र के रहने वाले हैं। अजीत यादव के खिलाफ सारवां, मोहनपुर और जामताड़ा थाना में गंभीर धाराओं में मुकदमें दर्ज हैं।

अभियुक्तों की निशानदेही पर सामान बरामद
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल, एक देशी पिस्टल, मैगजीन व 4 जिंदा गोलियां, 41,500 नगद तथा लूटे गए सोने के आभूषणों को गलाकर बनाए गए करीब 39.93 ग्राम सोने के टुकड़े बरामद किए गए।