logo

चिकन की हड्डी से भड़की वारदात: चौपाटी रेस्टोरेंट हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, 3 अरेस्ट

p0lice.jpg

रांची
 कांके रोड स्थित सेफ चौपाटी रेस्टोरेंट के मालिक विजय कुमार नाग की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। मामूली विवाद—वेज बिरयानी में चिकन की हड्डी मिलने—के बाद तीन अपराधियों ने 18 अक्टूबर की रात रेस्टोरेंट में घुसकर मालिक को गोली मार दी थी। रांची पुलिस ने 48 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी अभिषेक सिंह को मुठभेड़ में घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया, जबकि हथियार सप्लायर हरेन्द्र सिंह को पतरातू घाटी से पकड़ा गया है। दोनों के पास से भारी मात्रा में हथियार और नकदी बरामद की गई है।
घटना और जांच का खुलासा
18 अक्टूबर की रात करीब 11:20 बजे रेस्टोरेंट में तीन अपराधियों ने गोली चलाकर विजय नाग की हत्या कर दी थी। वादी उत्कर्ष राज के बयान पर कांके थाना में अभिषेक सिंह, अमित ठाकुर, प्रशांत कुमार सिंह और हरेन्द्र सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। जांच में सामने आया कि अपराधियों ने पहले वेज बिरयानी का ऑर्डर दिया, लेकिन उसमें चिकन की छोटी हड्डी मिलने पर विवाद बढ़ गया और उसी में रेस्टोरेंट मालिक की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
मुठभेड़ में घायल हुआ मुख्य आरोपी
19 अक्टूबर की रात पुलिस को सूचना मिली कि मुख्य आरोपी अभिषेक सिंह अपनी गर्भवती पत्नी से मिलने रांची आ रहा है। कांके थाना, रातू थाना और ग्रामीण पुलिस की संयुक्त टीम ने आईटीबीपी कैंप के पास एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया। चेरी-मनातू रोड पर पुलिस ने उसकी सफेद कार (मारुति सुजुकी XL6, नंबर JH01GB9165) को रोकने की कोशिश की, लेकिन उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। उसके दोनों पैरों में गोली लगी। मौके से एक पिस्टल, कारतूस, मोबाइल और वाहन जब्त किए गए।
हथियार सप्लायर हरेन्द्र सिंह की गिरफ्तारी
घटना में प्रयुक्त हथियार हरेन्द्र सिंह ने अभिषेक को उपलब्ध कराया था। वह भागने की फिराक में था, लेकिन पिठोरिया थाना पुलिस ने पतरातू घाटी में चेकिंग के दौरान उसे पकड़ लिया। हरेन्द्र के पास से एक देशी कट्टा, तीन जिंदा गोली, दो मोबाइल फोन और ₹2.04 लाख नकद बरामद हुए। बाद में उसके ब्रह्मचारी नगर स्थित आवास से दो 7.65 एमएम की पिस्टल, एक रायफल, 30.06 बोर की गोलियां और तीन मैगजीन भी बरामद की गईं।
बरामदगी का ब्यौरा
अभिषेक सिंह से:
•    पिस्टल (7.65 एमएम) – 1
•    जिंदा गोली – 1
•    खोखा – 6
•    मिसफायर गोली – 4
•    मोबाइल फोन – 2
•    वाहन – मारुति सुजुकी XL6 (JH01GB9165)
हरेन्द्र सिंह से:
•    देशी कट्टा – 1
•    पिस्टल (7.65 एमएम) – 2
•    जिंदा गोली (315 बोर) – 3
•    जिंदा गोली (7.65 एमएम) – 16
•    रायफल – 1
•    मैगजीन – 3
•    गोलियां (30.06 बोर) – 7
•    मोबाइल फोन – 2
•    नकद – ₹2,04,500
•    वाहन – इनोवा (JH01EQ9723)
पुलिस के अनुसार सभी गिरफ्तार अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है और फरार अपराधियों की तलाश जारी है।

Tags - police Chowpatty restaurant murder case