द फॉलोअप डेस्क, रांची:
झारखंड में अगले 4 दिन मौसम विभाग ने बारिश, आंधी-तूफान और वज्रपात की चेतावनी दी है। मौसम विभाग ने 29 अगस्त से 1 सितंबर तक येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने दुमका, देवघर, जामताड़ा, गिरिडीह, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और धनबाद में शनिवार को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। रविवार 30 अगस्त को धनबाद, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग और कोडरमा समेत कुल 12 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है।

मौसम विभाग ने लोगों को दी चेतावनी
मंगलवार को गढ़वा, पलामू और चतरा के अलावा लोहरदगा, रांची, गुमला और खूंटी में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। लगातार 4 दिन बारिश होने से तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम में बहुत जरूरी नहीं होने पर घर से नहीं निकलें। वज्रपात संबंधी गाइडलाइन का पालन करें। नदी समेत अन्य जलस्त्रोतों के पास ना जायें।

बीते 24 घंटे में बहरागोड़ा सबसे गर्म इलाका
गौरतलब है कि बीते 24 घंटे में पूर्वी सिंहभूम जिला के झुमरिया में सर्वाधिक 74.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। बीते 24 घंटे में झारखंड का सबसे गर्म इलाका पूर्वी सिंहभूम का बहरागोड़ा रहा, जहां अधिकतम पारा 36 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। चाईबासा में 35.4 और पाकुड़ के अलावा सरायकेला में भी 34.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया है। रांची में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।