द फॉलोअप, रांची
रांची की यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम, व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए सुकुरहुटू स्थित ट्रांसपोर्ट नगर के फेज-1 और फेज-2 का मंगलवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव के नेतृत्व में संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान रांची नगर निगम, जिला प्रशासन और जुडको के अधिकारियों ने ट्रांसपोर्ट नगर में उपलब्ध सुविधाओं और भविष्य की योजनाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ट्रांसपोर्ट नगर के लेआउट प्लान, एंट्री-एग्जिट व्यवस्था, पार्किंग, लोडिंग-अनलोडिंग क्षेत्र, आधारभूत संरचना और नागरिक सुविधाओं की समीक्षा की। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को ट्रांसपोर्ट नगर को शहर की आवश्यकताओं के अनुरूप अधिक उपयोगी और व्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए।

नगर आयुक्त ने कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर के संचालन से रांची की यातायात व्यवस्था को नई दिशा मिलेगी। भारी मालवाहक वाहनों के लिए एक निर्धारित स्थान उपलब्ध होने से शहर की प्रमुख सड़कों पर इन वाहनों का दबाव कम होगा। इससे जाम की समस्या में कमी आने के साथ-साथ आवागमन सुगम और सड़क सुरक्षा बेहतर होने की उम्मीद है। ट्रांसपोर्ट नगर में भारी वाहनों की पार्किंग, लोडिंग-अनलोडिंग और परिवहन व्यवसाय से जुड़ी गतिविधियों के साथ वाहन चालकों के ठहरने जैसी आवश्यक सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे शहर के भीतर अव्यवस्थित पार्किंग और माल की लोडिंग-अनलोडिंग की समस्या को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।

ट्रांसपोर्ट और लॉजिस्टिक्स का बनेगा नया केंद्र
नगर निगम के अनुसार, ट्रांसपोर्ट नगर केवल भारी वाहनों की पार्किंग तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे परिवहन और लॉजिस्टिक्स गतिविधियों के एक संगठित केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। एक ही परिसर में परिवहन से संबंधित विभिन्न गतिविधियां संचालित होने से कारोबारियों को सुविधा मिलने और व्यवसाय को गति मिलने की संभावना है।
सुकुरहुटू क्षेत्र में बढ़ेंगी आर्थिक गतिविधियां
नगर आयुक्त ने कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर के विकास से सुकुरहुटू और आसपास के क्षेत्रों में आर्थिक एवं शहरी गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। परिवहन और लॉजिस्टिक्स से जुड़े व्यवसायों के साथ अन्य सहायक कारोबार विकसित हो सकते हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि रांची के सुनियोजित शहरी विकास के लिए केवल सड़कों का विस्तार पर्याप्त नहीं है, बल्कि परिवहन, पार्किंग, व्यवसाय और लॉजिस्टिक्स जैसी गतिविधियों को व्यवस्थित करना भी जरूरी है। ट्रांसपोर्ट नगर इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो भविष्य में रांची के व्यवस्थित विस्तार, बेहतर यातायात प्रबंधन और आर्थिक गतिविधियों को नई गति देने में अहम भूमिका निभा सकता है।
.jpeg)