द फॉलोअप डेस्क, रांची:
14वीं जेपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में गड़बड़ी की जांच के दौरान कई मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया था कि झारखंड राज्य कर्मचारी चयन आयोग ने ब्लैकलिस्टेड परीक्षा एजेंसी टीडीपीएल को आयोग की अगली 5 प्रमुख भर्ती परीक्षाओं के संचालन का जिम्मा सौंपा गया है। आज जेएसएससी ने पत्र जारी करके इन दावों का खंडन किया है। जेएसएससी ने स्पष्ट किया है कि आयोग की प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाओं के संचालन, परीक्षा प्रबंधन या किसी भी परीक्षा संबंधी कार्य से टीडीपीएल का संबंध नहीं है।

इन पांच परीक्षाओं को लेकर किया था दावा
झारखंड राज्य कर्मचारी आयोग का कहना है कि एक न्यूज रिपोर्ट में यह दावा किया गया है कि टीडीपीएल नाम की परीक्षा एजेंसी को झारखंड सामान्य स्नातक योग्यताधाररी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023, झारखंड तकनीकी/विशिष्ट स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023, स्नातकोत्तर प्रशिक्षित शिक्षक प्रतियोगिता परीक्षा-2023 और झारखंड क्षेत्रीय प्रतियोगिता परीक्षा-2024 समेत 5 प्रमुख परीक्षाओं के संचालन का जिम्मा सौंपा गया है। आयोग ने कहा कि यह दावा पूरी तरह से निराधार और तथ्यहीन है। इसमें कोई सच्चाई नहीं है।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि बीते 20 मई को ही कार्यालय आदेश संख्या-131 के तहत TDPL एजेंसी को डी-एम्पैनल कर दिया गया था। आयोग की किसी भी परीक्षा या परीक्षा संबंधी गतिविधि में एजेंसी की कोई भूमिका, दायित्व या भागीदारी नहीं रही है।

वनरक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर मिली अधियाचना
आयोग ने बताया कि झारखंड वनरक्षक प्रतियोगिता परीक्षा के लिए नियुक्ति संबंधी अधियाचना आयोग को प्राप्त हो चुका है। आयोग ने कहा कि उसकी प्रतिष्ठा और विश्वसनीयता को प्रभावित करने वाली भ्रामक, असत्य और तथ्यहीन खबरों के प्रकाशन या प्रसारण को गंभीरता से लिया जायेगा। ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्ति, संस्था या समाचार माध्यम के खिलाफ जरूरी कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।