logo

विधायक जयराम महतो के खिलाफ झारखंड पुलिस सर्विस एसोसिएशन ने भी खोला मोर्चा, जांच की मांग...

a4810.jpg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

डुमरी विधायक द्वारा बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार को कथित तौर पर धमकाने और अपशब्द कहने के खिलाफ झारखंड पुलिस एसोसिएशन के सांकेतिक और चरणबद्ध आंदोलन के समर्थन में झारखंड पुलिस सर्विस एसोसिएशन भी आ गया है। झारखंड पुलिस सर्विस एसोसिएशन ने साथ ही कहा कि उन्हें उम्मीद है कि धनबाद पुलिस इस घटनाक्रम के संबंध में दर्ज मुकदमे की पेशेवर दक्षता के साथ जांच करेगी। झारखंड पुलिस सर्विस एसोसिशन ने कहा कि 21 अगस्त को डुमरी विधायक द्वारा अपशब्द कहने औऱ धमकाने से झारखंड पुलिस में कार्यरत पुलिसकर्मियों और पुलिस पदाधिकारियों के मनोबल और गरिमा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है।

पुलिसकर्मियों के मनोबल पर प्रतिकूल प्रभाव
झारखंड पुलिस सर्विस एसोसिएशन ने कहा कि पुलिसकर्मी और पुलिस पदाधिकारी आमजन की सुरक्षा, विधि व्यवस्था, अपराधों की जांच प्रतिकूल परिस्थितियों में भी पूरे मनोयोग से करते हैं और ऐसे में उनके खिलाफ एक जनप्रतिनिधि द्वारा अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल करना निंदनीय है। झारखंड पुलिस सर्विस एसोसिएशन ने सोशल मीडिया पर पुलिसकर्मियो और पुलिस पदाधिकारियों के खिलाफ की जा रही टिप्पणियों  को भी चिंताजनक और अपमानजनक बताया है। 

जयराम महतो और पुलिस के बीच क्यों ठनी!
पूरा वाकया दरअसल, 21 अगस्त को गणेश दास नाम के युवक की गिरफ्तारी से जुड़ा है जो कथित तौर पर जयराम महतो की पार्टी झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा से जुड़ा बताया जाता है। गणेश दास को मुखिया यशोदा देवी के मुहर और लेटर पैड का कथित तौर पर दुरुपयोग करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। विधायक जयराम महतो का आरोप है कि बरवाअड्डा थाने में गणेश दास के साथ मारपीट की गई और उन्होंने केवल यही पूछने के लिए कॉल किया था कि हाजत में युवक को क्यों पीटा गया। उनका दावा है कि इसी दौरान थाना प्रभारी से उनकी हॉट टॉक हो गई थी।

वहीं, दूसरी ओर पुलिस का आरोप है कि डुमरी विधायक ने ना केवल थाना प्रभारी को गालियां दी बल्कि सरकार बदलने पर नौकरी खा जाने की धमकी दी। विधायक पर देर रात थाना परिसर में 40-50 समर्थकों के साथ हंगामा करने का आरोप है। हालांकि, जयराम महतो ने आरोपों को बेबुनियाद बताया। 

Tags - Jharkhand Police Service AssociationJharkhand PoliceJairam MahtoDumri