गिरिडीह:
दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर गिरिडीह में झारखंड ऑफिसर्स, टीचर्स एंड एंप्लाइज फेडरेशन ने टॉवर चौक पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। कार्यक्रम में विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिका और कर्मचारी पहुंचे। 2 मिनट का मौन रखकर दिवंगत सुदिव्य सोनू को श्रद्धांजलि दी गई। गौरतलब है कि झारखंड सरकार में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद, युवा कार्य विभाग और शहरी विकास विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का 6 सिंतबर को तड़के करीब 4 बजे हार्ट अटैक से निधन हो गया। सुदिव्य सोनू महज 56 साल के थे और निधन से एक दिन पहले शिक्षक दिवस के मौके पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय थे। सुदिव्य सोनू के निधन पर झारखंड सरकार ने 2 दिन का राजकीय शोक घोषित किया है।

सरकारी कर्मचारियों के लिए हनुमान सरीखे थे
गिरिडीह के टावर चौक पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में फेडरेशन के जिलाध्यक्ष मुन्ना प्रसाद कुशवाहा ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू सरकारी कर्मचारियों के लिए हनुमान की तरह सहारा और मददगार थे। कर्मचारियों की समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए पहल करना उनकी कार्यशैली का हिस्सा था। मुन्ना कुशवाहा ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू की अगुवाई में कर्मचारियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण और महत्वाकांक्षी कार्य पूरे हुए। उन्होंने कहा कि उनका निधन महज एक मंत्री या जनप्रतिनिधि का निधन नहीं है, बल्कि गिरिडीह और पूरे झारखंड के लिए एक अपूरणीय क्षति है।
उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का कर्मचारियों के प्रति सहयोग, संवेदनशीलता और सकारात्मक सोच हमेशा याद की जाएगी। उनके निधन से कर्मचारी और शिक्षक जगत ने एक ऐसे साथी को खो दिया है, जिसकी कमी को भर पाना आसान नहीं होगा।

श्रद्धांजलि सभा में लोगों ने शेयर किए अनुभव
श्रद्धांजलि सभा में मौजूद लोगों ने सुदिव्य कुमार सोनू के साथ अपने अनुभवों को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। पूरा माहौल गमगीन नजर आया। इस दौरान फेडरेशन के प्रांतीय संरक्षक रविंद्र प्रसाद सिंह, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद, कार्तिक प्रसाद वर्मा, समा प्रवीण, जिला अध्यक्ष मुन्ना प्रसाद कुशवाहा, केदार प्रसाद यादव, मिथुन राज, राजेश सिंह, आनंद शंकर, युगल किशोर पंडित, विकास सिंह, जिला राजेश कुमार सिंह सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी अनूप कुमार, मुक्तेश्वर कुमार, जमुआ के पूर्व विधायक केदार हाजरा और कुणाल सांडगी समेत कई लोग मौजूद रहे और दिवंगत आत्मा को श्रद्धा-सुमन अर्पित किए।