द फॉलोअप डेस्क:
जेडीयू ने भी झारखंड की एक राज्यसभा सीट पर दावा ठोक दिया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष, राज्यसभा सांसद खीरू महतो ने कहा कि एनडीए घटक दल की बैठक में प्रत्याशी तय होगा। उन्होंने कहा कि गठबंधन में सहयोगियों को साथ लेकर चलने की प्रथा है, तभी सहयोग मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि एनडीए की बैठक में तय होगा कि राज्यसभा की एक सीट पर प्रत्याशी भाजपा, लोजपा (रामविलास), आजसू पार्टी या जेडीयू का होगा। उन्होंने कहा कि जेडीयू की भी इच्छा है कि उसका प्रत्याशी राज्यसभा में जाए, लेकिन हम यह विचार-विमर्श से तय करेंगे।
झारखंड में एनडीए के पास 24 विधायक हैं और राज्यसभा सीट के लिए कम से कम 28 विधायकों की आवश्यक्ता है। खीरू महतो ने कहा कि एकबार एनडीए में प्रत्याशी तय हो जाए तो फिर विचार-विमर्श कर लेंगे कि जरूरी आंकड़ा कहां से आएगा।
झारखंड में NDA के पास 24 विधायक हैं
गौरतलब है कि झारखंड में भाजपा के पास 21 और लोजपा (रामविलास), आजसू पार्टी और जेडीयू के पास 1-1 विधायक हैं। कुल आंकड़ा 24 का है। खीरू महतो ने कहा कि बाकी 4 विधायकों का समर्थन कैसे मिलेगा, यह हम सब सहयोगी मिलकर तय करेंगे। कोई तो होगा जो मौजूदा महागठबंधन सरकार और उसके कामकाज से असंतुष्ट होगा। अपने संगठन की कार्यशैली से नाखुश होगा। कोई तो होगा जिसे केंद्र की मोदी सरकार के विकसित भारत के संकल्प पर यकीन होगा। उन्होंने कहा कि जिसे भी यकीन होगा कि झारखंड में अगली भाजपा सरकार में सुनहरा मौका है, वह उछलकर इस पाले में आ जाएगा। हालांकि, उन्होंने यह खुलासा करने से इनकार कर दिया कि किन विधायकों पर निगाह है।

जेडीयू की मांग पर क्यों विचार करेगी भाजपा!
क्या भारतीय जनता पार्टी जैसा बड़ा दल जेडीयू की मांगों पर विचार करेगा। इस सवाल के जवाब में खीरू महतो ने कहा कि गठबंधन में सहयोगियों का सुनना पड़ता है। उन्होंने कहा कि बिहार और केंद्र में हमारे सहयोग से सरकार चल रही है। यदि सहयोग मजबूत रहा तो भविष्य में झारखंड भी अपना होगा। राज्यसभा की एक सीट के लिए कौन प्रत्याशी होगा, यह एनडीए तय करेगा। सरयू राय के सवाल पर उन्होंने कहा कि कोई पार्टी से बड़ा नहीं होता है। एकबार शीर्ष नेतृत्व ने फैसला किया तो उसे सबको मानना होता है, चाहे वह विधायक हो, सांसद हो, पार्टी अध्यक्ष या आम कार्यकर्ता।

भाजपा ने कर लिया है चुनाव लड़ने का फैसला
राज्यसभा सीट पर जेडीयू के दावे के बीच भारतीय जनता पार्टी की चुनाव प्रबंध समिति ने चुनाव लड़ने का फैसला किया है। प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने कहा कि उम्मीदवार पार्टी का ही कार्यकर्ता होगा। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दल होने के नाते चुनाव लड़ने का हमें लोकतांत्रिक अधिकार है। हम ना केवल चुनाव लड़ेंगे बल्कि जरूरी 28 का आंकड़ा भी हासिल करेंगे।