द फॉलोअप, रांची
JPSC और JSSC की भर्ती परीक्षाओं में व्याप्त भ्रष्टाचार के विरोध में भाजपा आहूत झारखंड बंद का आज राजधानी रांची में असर दिख रहा है। अधिकतर दुकानें बंद है। टेंपो और यात्री वाहन बहुत ही कम संख्या में चल रहे हैं। निजी दुकान और प्रतिष्ठान बंद हैं। सरकारी कार्यालयों में भी उपस्थिति बहुत कम है। राजधानी के अलग अलग क्षेत्रों में भाजपा कार्यकर्ता झंडा-बैनर के साथ प्रदर्शन कर रहे हैं। सरकार के विरोध में नारेबाजी कर रहे हैं। जगह जगह टायर जला कर विरोध का इजहार कर रहे हैं। प्रदर्शन के क्रम में पुलिस ने भाजपा नेता कमलेश राम को विकास चौक के पास उनके समर्थकों के साथ हिरासत में ले लिया। इधर राज्य के विभिन्न जिलों से भी प्रभावी बंद की सूचनाएं मिल रही है।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने सुबह साढ़े नौ बजे न्यूक्लियस मॉल के पास सड़क जाम कर दी और टायर जला कर विरोध प्रदर्शन किया। इसी तरह किशोरगंज चौक पर भी महानगर भाजपा अध्यक्ष वरुण साहु के नेतृत्व में टायर जलाया गया। चुटिया, फिरायालाल, रातू रोड, बरियातु रोड समेत अन्य क्षेत्रों में जगह जगह भाजपा नेता और कार्यकर्ता पैदल मार्च कर रहे हैं। दुकानदारों और आम लोगों से बंद का समर्थन करने का आह्वान कर रहे हैं।

पुलिस मुश्तैद
भाजपा के झारखंड बंद के दौरान राजधानी रांची में जगह जगह भारी संख्या में पुलिस बल के जवान मौजूद हैं। किसी भी अप्रत्याशित घटना से निबटने के लिए पुलिस के सशस्त्र बलों को भी तैनात किया गया है। पुलिस की गाड़ियां लगातार पेट्रॉलिंग कर रही है।
