द फॉलोअप, रांची
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज वीडियो कंफ्रेंसिंग के जरिए ईडी के विशेष न्यायाधीश की अदालत में पेश हुए। बड़गाईं अंचल की 8.86 एकड़ जमीन के फर्जीवाड़े और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सुनवाई के बाद ईडी के विशेष न्यायाधीश योगेश कुमार की अदालत में सुनवाई हुई। सुनवाई पूरी नहीं हुई। अब 30 सितंबर को दिन के 11.15 बजे आरोप गठन पर सुनवाई होगी। मुख्यमंत्री ने अदालत से बार-बार समय की मांग की। उन्होंने अदालत से कहा कि ईडी द्वारा दायर कई अन्य दस्तावेजों के बारे में वह अध्ययन करना चाहते हैं। इसके अलावा सीएम ने यह भी कहा कि कैबिनेट मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की पुत्री का निधन हो गया है। इससे वे व्यथित हैं। उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। इसलिए अदालत समय देने का कष्ट करे। इसके बाद अदालत ने सुनवाई के लिए 30 सितंबर की तिथि निर्धारित कर दी।
यहां मालूम हो कि पिछले दिनों अदालत ने हेमंत सोरेन की याचिका खारिज कर दी थी। आरोप तय के लिए 24 सितंबर की तिथि निर्धारित की थी।मामला बड़गाईं में 8.86 एकड़ जमीन से जुड़ा है, जिसमें ED ने आरोप लगाया है कि फर्जी दस्तावेजों और सरकारी रिकॉर्ड में हेरफेर के जरिए जमीन का अवैध अधिग्रहण किया गया और इससे जुड़े लेन-देन में मनी लॉन्ड्रिंग हुई है।
