logo

RU के 36वें दीक्षांत समारोह में शामिल हुए राज्यपाल, कहा- शिक्षा से ही देश आज वैश्विक शक्ति बनने की ओर अग्रसर

CPLATEST.jpg

द फॉलोअप डेस्कः 
रांची विश्वविद्यालय के 36वें दीक्षांत समारोह का आयोजन मंगलवार को मोरहाबादी परिसर स्थित दीक्षांत मंडप में संपन्न हुआ। इस समारोह में 65 टॉपरों के साथ ही 81 छात्र गोल्ड मेडलिस्ट हुए। साथ ही 2859 छात्रों को भी डिग्री दी गयी। इसमें पीजी, पीएचडी तथा अपने विषयों के छात्र शामिल थे। टॉपर मेधावी छात्रों को कुलाधिपति सह राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने गोल्ड मेडल देकर सम्मानित किया। मौके पर राज्यपाल ने कहा कि शिक्षा से ही देश आज वैश्विक शक्ति बनने की ओर अग्रसर है। हाल के कुछ सालों में भारतीय युवाओं ने अपनी शिक्षा से विश्व के सभी बड़े शीर्ष स्थानों को प्राप्त किया है। आज यूरोप और अमेरिका हमारी ओर देख रहे हैं। राष्ट्र का सम्मान पश्चिम की नजर में बढा है तो इसका कारण हमारी शिक्षा, हमारे संस्कार और देश की युवा शक्ति हैं।


रांची विवि के छात्रों ने हर क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है
कुलपति प्रो. डॉ. अजीत कुमार सिन्हा ने कहा कि रांची विश्वविद्यालय उच्च और रोजगारपरक शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर अग्रसर है। आज शिक्षा के बाद दीक्षा दी जा रही है। आज का भारत युवाओं का भारत है। रांची विश्वविद्यालय के छात्रों ने कई क्षेत्रों में राज्य एवं विवि का गौरव बढ़ाया है। हमारे छात्रों ने हर क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है। हम कला संस्कृति, साइबर सिक्योरिटी, खेल और शोध के क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं और आइआइटी दिल्ली, बीएयू, बीआईटी मेसरा सहित अन्य के साथ एओयू कर रहे हैं। साइबर सिक्योरिटी की पढाई में हम जल्द ही अग्रणी होंगे और झारखंड साइबर सिक्योरिटी हब बनेगा। इस अवसर पर प्रतिकुलपति डॉ. अरुण कुमार सिन्हा, कुलसचिव डॉ. मुकुंद चंद्र मेहता, डिप्टी रजिस्ट्रार डॉ. प्रीतम कुमार, डिप्टी डायरेक्टर वोकेशनल डॉ. स्मृति सिंह और रांची विवि के सभी अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT