द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी शनिवार को गुमला पहुंचे। वहां उन्होंने स्वर्गीय निशा भगत के परिजनों से मिले और सांत्वना दी। इस दौरान उन्होंने निशा भगत की मौत को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। मरांडी ने कहा कि आदिवासी समाज की बेटी निशा भगत की आत्महत्या के लिए सीधे तौर पर सरकार जिम्मेदार हैं। झारखंड में आज भयावह स्थिति पैदा हो गई है। कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और राज्य में सरकार नहीं, बल्कि गुंडे, दलाल और माफिया अपना समानांतर तंत्र चला रहे हैं। मरांडी ने आरोप लगाया कि राज्य के हर अंचल, ब्लॉक और थाने में दो-चार ऐसे गुंडे, दलाल और माफिया किस्म के लोग सक्रिय हैं, जिन्हें सरकार का सीधा संरक्षण प्राप्त है। सरकार के इशारे और पैसों पर एसपी, डीसी, सीओ समेत पूरा प्रशासनिक तंत्र काम कर रहा है। आम जनता अपनी शिकायत लेकर सरकारी दफ्तरों और थानों का चक्कर काटती रहती है, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं होती। वहीं, माफियाओं के एक फोन पर पूरा प्रशासनिक अमला सक्रिय हो जाता है। यह स्थिति बताती है कि झारखंड में शासन-प्रशासन किसके नियंत्रण में चल रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य में भू-माफियाओं का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि आम लोगों और आदिवासियों की रैयती जमीन पर खुलेआम कब्जा किया जा रहा है। जमीन लूटी जा रही है और उसे बेचने-बेचवाने का खेल प्रशासनिक संरक्षण में चल रहा है। मुख्यमंत्री को बताना चाहिए कि आखिर आदिवासियों की जमीन और उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी है? यदि हेमंत सोरेन से राज्य नहीं संभल रहा है तो उन्हें मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। उन्हें तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए। निशा भगत प्रकरण पर गंभीर सवाल उठाते हुए श्री मरांडी ने कहा कि इस पूरे मामले में बड़ी साजिश की आशंका है। इसकी निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाना बेहद जरूरी है। आत्महत्या से पूर्व निशा भगत द्वारा जिस पिठौरिया थाना के दारोगा, अजय तिर्की का नाम लिया गया है, उनकी तत्काल गिरफ्तारी होनी चाहिए। उन्होंने पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग की है।
