गिरिडीह:
गिरिडीह जिले में लगातार सामने आ रही चेन स्नैचिंग की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार के निर्देश पर जिले के कई थाना और ओपी क्षेत्रों में शनिवार को एक साथ विशेष एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान प्रमुख चौक-चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग कर आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच की गई। दोपहिया और चारपहिया वाहनों के दस्तावेजों की जांच के साथ-साथ संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी भी ली गई।

अभियान के दौरान संदिग्ध गतिविधि पर नजर
पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों से आवश्यक पूछताछ की और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क रहने की अपील की। अभियान के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई ताकि अपराधियों की पहचान कर उन पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।

पुलिस ने लोगों से क्राइम-कंट्रोल में सहयोग मांगा
एसपी डॉ. विमल कुमार ने बताया कि जिले में अपराध नियंत्रण और विशेष रूप से चेन स्नैचिंग जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह की एंटी क्राइम चेकिंग आगे भी जिले के किसी भी थाना क्षेत्र में, किसी भी समय बिना पूर्व सूचना के की जाएगी। उन्होंने लोगों से पुलिस जांच में सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।