logo

द फॉलोअप की खबर का असर, जामताड़ा बस स्टैंड में वर्षों से बंद अमृत धारा टंकी अब होगी शुरू

JAM_BUS.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

जामताड़ा बस स्टैंड में गर्मी के दिनों में यात्रियों को पेयजल की समस्या नहीं होगी। दरअसल 'द फॉलोअप' टीम द्वारा 14 मार्च को प्रमुखता से एक खबर दिखाई गयी थी। जिसमें जामताड़ा बस स्टैंड में अमृत धारा टंकी बंद होने से  यात्रियों को पानी के लिए प्यासा रहना पड़ सकता है, इस गंभीर विषय का जिला प्रशासन पर व्यापक असर हुआ है। महज 48 घंटों के भीतर नगर पंचायत प्रशासन की नींद खुली और इस विषय को लेकर संज्ञान लेते हुए कई वर्षों से बंद पड़ी अमृत धारा पानी टंकी और चापानल को चालू करने का कार्य युद्ध स्तर पर प्रारंभ कर दिया गया है। विदित हो कि यह पानी टंकी पिछले कई वर्षों से खराब पड़ी थी।

इस कारण जामताड़ा बस स्टैंड से संथाल परगना के विभिन्न जिलों और सुदूर गांवों की यात्रा करने वाले हजारों मुसाफिरों को पीने के पानी के लिए दर-दर भटकना पड़ता था। भीषण गर्मी के दस्तक देते ही यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ जाती थीं। प्रशासनिक सक्रियता के बाद अब यात्रियों और स्थानीय शहरवासियों के चेहरे पर खुशी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि प्रशासन ने वर्षों से लंबित इस समस्या को गंभीरता से लिया। जामताड़ा के जागरूक नागरिकों और यात्रियों ने 'द फॉलोअप' के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे जनहित की जीत बताया है। अब यात्रियों को भीषण गर्मी में पानी के लिए निजी दुकानों या बाहर जाने की जरूरत नहीं होगी।

Tags - jamtara bus stand drinking water problem amrit dhara tank water shortage followup team news district administration action municipal council water supply restoration public convenience summer season