रांची :
कांटाटोली फ्लाईओवर के निर्माण कार्य का जायजा बीते दिनों मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लिया है। उन्होंने कार्य में तेजी लाने, भूमि अधिग्रहण सहित अन्य मामलों में तेजी लाने का निर्देश दिया। उसका असर भी धरातल पर नजर आने लगा है। निर्माण कार्य में बाधक अतिक्रमण को हटाने का काम शुरू किया गया। इसके तहत शांति नगर, गढ़ाटोली माइनर ब्रिज के पास अनिमा विभा कुजूर के भवन को गिराने के लिए जुडको और नगर निगम इंफोर्समेंट टीम पहुंची। भवन तोड़ने की कार्रवाई शुरू होने से पहले ही अनिमा ने टीम को कहा कि उन्हें मौका दें। 7 नवंबर तक स्वयं अतिक्रमित क्षेत्र को हटाएंगी। इसका लिखित आश्वासन उन्होंने दिया है। इस पर जुडको-नगर निगम की टीम ने उन्हें 7 नवंबर तक का समय दिया है।

नगर आयुक्त को लिखा है आवेदन
नगर आयुक्त के नाम से लिखे आवेदन में अनिमा कुजूर ने कहा है कि भू-अर्जन के तहत प्लॉट संख्या – 1348 अंश, जिसका जुडको द्वारा जितना भाग में निशान लगाया गया था, उतना बिल्डिंग को मैंने तोड़ दिया है। मगर अंडरग्राउंड का हिस्सा बाकी रह गया था। निशान वाले निर्माण को तीन दिनों में तुड़वाने का वादा करती हूं। इस लिखित आवेदन के बाद ही टीम की ओर से फिलहाल अनिमा को राहत देते हुए तोड़फोड़ नहीं की गई।
