logo

जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने पलामू में चीनी गोदामों का किया निरीक्षण, दिए कई निर्देश

chini1.jpg

पलामू:

बढ़ते चीनी के दामों के बीच मंगलवार को जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रमोद कुमार के नेतृत्व में कृषि बाजार प्रांगण, बैरिया डालटनगंज स्थित चीनी के थोक व्यवसायियों के गोदामों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान मेसर्स गौरव ट्रेडिंग, मेसर्स हार्दिक इंटरप्राइजेज, मेसर्स सुनील गोस्वामी, मेसर्स एस.बी. सेल एवं डालटनगंज ट्रेडर्स के गोदामों की जांच की गई। जांच के दौरान व्यवसायियों को प्रतिदिन चीनी की प्राप्ति एवं बिक्री का पंजी संधारित करने, एकरारनामा के अनुसार चिन्हित गोदाम में ही चीनी का भंडारण करने तथा वर्तमान में चीनी की किल्लत को देखते हुए अधिक मूल्य पर बिक्री नहीं करने का निर्देश दिया गया।

सात दिन से ज्यादा चीनी का भंडारण स्वीकार्य नहीं
साथ ही स्टॉक से संबंधित बोर्ड को प्रतिदिन अद्यतन रखने तथा किसी भी परिस्थिति में सात दिनों से अधिक अवधि का चीनी का भंडारण नहीं करने का निर्देश दिया गया। जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने कहा कि चीनी की उपलब्धता एवं कीमतों पर प्रशासन की लगातार नजर है। निर्धारित नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यवसायियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Tags - Jharkhand NewsPalamu NewsSugar WarehouseSugar Price Hike