logo

द फॉलोअप इंपैक्ट : गर्भवती शिक्षिका मामले में कथित लापरवाही पर DC सख्त, दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई होगी

pregnant2.jpg

पलामू:

पलामू में गर्भवती शिक्षिका भारती पांडे के अजन्मे शिशु की मौत के मामले में फॉलोअप में खबर चलने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। पलामू उपायुक्त ने मामले की जांच के लिए गठित 3 सदस्यीय जांच समिति की प्रारंभिक रिपोर्ट मिलने के बाद स्पष्ट कहा है कि इस पूरे प्रकरण में किसी भी स्तर पर लापरवाही, कर्तव्यहीनता या अनियमितता पाए जाने पर दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

3 जुलाई को दिया आवेदन 10 दिन तक पड़ा रहा
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि भारती पांडे ने मातृत्व अवकाश के बजाय शिशु देखभाल अवकाश के लिए आवेदन दिया था और आवेदन में अपनी गर्भावस्था का उल्लेख नहीं किया था। वहीं, जांच में यह भी पाया गया कि वह नियमित रूप से चिकित्सकीय जांच करवा रही थीं और चिकित्सकों ने 21 तथा 24 जुलाई को उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती होने की सलाह भी दी थी।

जांच रिपोर्ट में एक और बड़ी लापरवाही सामने आई है। बताया गया है कि 3 जुलाई को दिए गए अवकाश आवेदन को जिला शिक्षा पदाधिकारी के समक्ष लगभग 10 दिनों तक प्रस्तुत ही नहीं किया गया। इस मामले में संबंधित कर्मचारी की भूमिका भी जांच के दायरे में है। इतना ही नहीं, शिक्षा विभाग में कथित धन के लेन-देन के आरोपों की भी अलग से विस्तृत जांच की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का दिया भरोसा
उपायुक्त ने दो टूक कहा है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, चाहे वह पदाधिकारी हो, कर्मचारी हो या कोई अन्य व्यक्ति, उसके खिलाफ नियमों के तहत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। अब सभी की नजर अंतिम जांच रिपोर्ट और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।

Tags - Jharkhand NewsPalamuPalamu Pregnant TeacherHealth News