जामताड़ा:
साइबर अपराध की दुनिया में देश भर में चर्चित झारखंड का जामताड़ा जिला एक बार फिर सुर्खियों में है। इस बार दिल्ली वेस्ट साइबर थाना की पुलिस ने शुक्रवार को जामताड़ा में बड़ी कार्रवाई की है। दिल्ली पुलिस की एक विशेष टीम अचानक जामताड़ा थाना पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से शहर के एक बड़े व्यवसायी को कानूनी नोटिस थमा कर रवाना हो गई। इस औचक कार्रवाई के बाद से स्थानीय जामताड़ा बाजार और व्यापारिक जगत में हड़कंप मचा हुआ है और यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया है।

बैंक रोड के व्यवसायी को मिला नोटिस
मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली पुलिस की टीम जामताड़ा बाजार के बैंक रोड स्थित एक आलू कारोबारी के घर पहुंची थी। पुलिस ने व्यवसायी दीपक अग्रवाल (पिता: एस.एल. अग्रवाल) को धारा 35 (BNSS) के तहत एक नोटिस तामिला कराया है। इस नोटिस के माध्यम से दिल्ली पुलिस ने व्यवसायी को संबंधित साइबर अपराध के मामले में पूछताछ के लिए दिल्ली स्थित थाने में उपस्थित होने का कड़ा निर्देश दिया है।

साउथ दिल्ली साइबर पुलिस थाने में केस
बताया जा रहा है कि यह पूरी कार्रवाई दिल्ली के वेस्ट साइबर पुलिस स्टेशन में दर्ज एक आपराधिक मामले के तहत की गई है। साइबर पुलिस स्टेशन वेस्ट दिल्ली में कांड संख्या 181/26 और 186/26 के तहत मामला दर्ज है।मामला पूरी तरह से साइबर ठगी से जुड़ा हुआ है, जिसके तार जामताड़ा के इस कारोबारी से जुड़ते नजर आ रहे हैं।
हालांकि, दिल्ली पुलिस ने इस बात का खुलासा नहीं किया है कि यह साइबर फ्रॉड कितने रुपये का है और इस ठगी में स्थानीय आलू व्यवसायी दीपक अग्रवाल की प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से क्या भूमिका है।

पुलिस की चुप्पी से सस्पेंस बरकरार
दिल्ली पुलिस की इस अचानक हुई कार्रवाई के संबंध में जब मीडिया कर्मियों ने टीम से संपर्क करने और विस्तृत जानकारी लेने का प्रयास किया, तो उनसे संपर्क नहीं हो पाया। पुलिस अधिकारी इस मामले में कुछ भी बताने से बचते नजर आए, जिससे सस्पेंस और बढ़ गया है। स्थानीय लोगों और व्यापारियों के बीच इस बात को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं कि क्या किसी बड़े साइबर अपराधी ने इस व्यवसायी के खाते का इस्तेमाल किया है या मामला कुछ और है। फिलहाल, नोटिस थमाए जाने के बाद अब अगली कार्रवाई दिल्ली में होनी तय है।