द फॉलोअप डेस्क
केंद्र सरकार की गलत नीति और निर्णयों के कारण देश की लोकतांत्रिक ढांचा ध्वस्त हो रही है। यही वजह है कि आजादी के 75 साल और अमृतकाल में भी हम सोशल जस्टिस को लेकर चिंतित हैं। यह बातें सीएम हेमंत सोरेन ने नई दिल्ली में आयोजित अखिल भारतीय सामाजिक न्याय महासंघ के पहले राष्ट्रीय सम्मेलन को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि आज एसटी, एससी, माइनॉरिटी, ओबीसी एवं महिलाओं के हक-अधिकारों के लिए हम सभी को एक प्लेटफॉर्म पर आकर संघर्ष करना पड़ रहा है। जो परिस्थिति देश में बनी हुई है ये आने वाली पीढ़ी के लिए चिंताजनक है। यही वजह है कि आज सोशल जस्टिस को लेकर हम लोगों को एक मंच पर आकर डिस्कशन करने की जरूरत पड़ रही है। सामाजिक न्याय के लिए एक मंच पर आकर हम सभी लोगों को लड़ना और संघर्ष करना होगा।

देश में आज फूट डालो और राज करो की स्थिति बन गई
देश में आज फूट डालो और राज करो की स्थिति बन गई है इसे हेमंत सोरेन ने चिंता विषय करार दिया। उन्होंने कहा कि आज देश में ‘ना काम करूंगा ना करने दूंगा’ की राजनीति हो रही है। हमारे राज्य झारखंड में पिछली सरकार ने बड़ी चतुराई से ओबीसी रिजर्वेशन को घटाने का काम किया था। मगर हमारी सरकार बनते ही आरक्षण नियमावली में कुछ बदलाव करते हुए हमने ओबीसी आरक्षण को 27% करने के लिए नौवीं अनुसूची में जोड़ने का प्रस्ताव भेजा। लेकिन उस प्रस्ताव को झारखंड के तत्कालीन राज्यपाल ने वापस कर दिया। सीएम हेमंत सोरेन ने आगे कहा कि कर्नाटक में भी कुछ इसी तरह के डिसीजन लिए गए, जिसे वहां के राज्यपाल ने अपनी सहमति दी थी।

छेड़नी होगी एक और मुहिम
सामाजिक न्याय की लड़ाई के संबंध में सीएम हेमंत ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी की संघर्षमय यात्रा याद आती है। दिशोम गुरु शिबू सोरेन, लालू प्रसाद यादव, स्व. मुलायम सिंह यादव आदि देश के कई दिग्गज नेताओं ने मिलकर लोकतांत्रिक मोर्चा का गठन किया था, और इसी सामाजिक न्याय को लेकर एक मुहिम छेड़ी थी। अब हमें ऐसे ही मुहिम छेड़ने की जरूरत है।

तेजस्वी यादव सहित कई राज्यों के सीएम ने रखी अपनी बात
ऑल इंडिया फेडरेशन फॉर सोशल जस्टिस का पहला राष्ट्रीय सम्मेलन तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के नेतृत्व में आयोजित की गई थी। जिसमें राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, सीपीआईएम के जनरल सेक्रेटरी सीताराम येचुरी, सीपीआई के जनरल सेक्रेटरी डी राजा, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, नेशनल कांफ्रेंस के अध्यक्ष फारुख अब्दुल्ला सहित देश के कई दिग्गज नेताओं ने ऑनलाइन के माध्यम से अपनी बातें रखी।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT