logo

देश का पहला आदिवासी ऐप “Adinivas” बना झारखंड की पहचान, CM हेमंत ने नितिन कुजूर और टीम को सराहा 

app25.jpg

रांची 

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन  ने आदिवासी युवाओं द्वारा विकसित देश के पहले आदिवासी डिजिटल प्लेटफॉर्म “Adinivas App” की जमकर सराहना की। मुख्यमंत्री ने ऐप को तैयार करने वाले युवा नितिन कुजूर और उनकी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह सिर्फ एक मोबाइल एप्लीकेशन नहीं, बल्कि आदिवासी समाज की पहचान, संस्कृति और आधुनिक सोच को डिजिटल दुनिया से जोड़ने वाला बड़ा कदम है। मुख्यमंत्री ने कहा कि “Adinivas” नाम अपने आप में बहुत कुछ समेटे हुए है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज धीरे-धीरे अलग-अलग युगों से गुजरते हुए अब डिजिटल प्लेटफॉर्म तक पहुंच चुका है और आज मोबाइल पूरी दुनिया को मुट्ठी में समेट चुका है। उन्होंने कहा कि आज के समय में मोबाइल की उपयोगिता इतनी बढ़ गई है कि पलक झपकते दुनिया के किसी भी कोने से जुड़ा जा सकता है और अपनी प्रतिभा, क्षमता व संस्कृति को दुनिया के सामने रखा जा सकता है।

ऐप साधारण लेकिन इसकी उपयोगिता  बड़ी

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह ऐप देखने में भले साधारण लगे, लेकिन इसकी उपयोगिता बेहद बड़ी है। उन्होंने आदिवासी समाज को दुनिया का एक अलग पहचान रखने वाला समुदाय बताते हुए कहा कि इस धरती पर आदिवासियों का सबसे पहले वास रहा है। उन्होंने कहा कि भले ही समाज कई क्षेत्रों में अभी पीछे हो, लेकिन कई युवा अब नई सोच और तकनीक के जरिए आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि विज्ञान और तकनीक इतनी तेजी से आगे बढ़ चुकी है कि अब इंसान चांद पर बसने की बातें कर रहा है, ऐसे में आदिवासी समाज को भी समय के साथ बदलने और अपनी सोच में क्रिएटिविटी लाने की जरूरत है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि आधुनिकता की दौड़ में अपनी परंपरा, संस्कृति और समाज को नहीं छोड़ना चाहिए।

नितिन जैसे युवाओं ने एक बड़ा उदाहरण पेश किया 

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज आदिवासी समाज सामाजिक, बौद्धिक और आर्थिक रूप से आगे बढ़ रहा है और नितिन जैसे युवाओं ने एक बड़ा उदाहरण पेश किया है। उन्होंने कहा कि इस तरह के सॉफ्टवेयर और डिजिटल प्लेटफॉर्म तैयार करने के लिए हुनर और समझ की आवश्यकता होती है, और नितिन व उनकी टीम ने बेहद सराहनीय कार्य किया है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वह खुद इस ऐप को देखेंगे और समझेंगे कि इसमें और क्या-क्या सुविधाएं मौजूद हैं। उन्होंने आदिवासी युवाओं से सीखने, समझने और आधुनिक तकनीक को अपनाने की अपील करते हुए कहा कि हर दिन सीखने का दिन होता है और अब समाज को शिक्षा व तकनीक के जरिए नई दिशा देने की जरूरत है।


 

Tags - first tribal app Adinivas identity of Jharkhand  CM Hemant Nitin Kujur