logo

पांच जनवरी से कांग्रेस चलाएगी मनरेगा बचाओ राष्ट्रव्यापी अभियानः दीपिका पांडेय सिंह

dipika6.jpg

द फॉलोअप डेस्क
5 जनवरी 2026 से कांग्रेस मनरेगा बचाओ राष्ट्रव्यापी अभियान चलाएगी। ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि साल के अंत तक केंद्र सरकार ने एक और बड़ा षड्यंत्र रचा है, जिसके तहत मनरेगा जैसी ऐतिहासिक और गरीबों की जीवनरेखा बनी योजना को खत्म करने का रास्ता तलाशा जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मनरेगा ने देश में पलायन को रोका, गांवों को मजबूती दी और करोड़ों गरीब परिवारों को सम्मानजनक रोज़गार प्रदान किया।

उन्होंने सवाल उठाया कि कोरोना जैसे अभूतपूर्व संकट के समय मनरेगा के अलावा केंद्र सरकार ने गरीबों और मजदूरों को क्या दिया, जिससे उनकी रोजी-रोटी चल सके? मनरेगा ही वह एकमात्र योजना थी जिसने उस दौर में ग्रामीण भारत को भूख और बेरोजगारी से बचाया। बीजेपी द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि यह कहना सरासर झूठ है कि कांग्रेस को योजना के नाम से आपत्ति है।उन्होंने कहा-आप मनरेगा का नाम बदलकर कुछ भी रख लीजिए — कांग्रेस को नाम से नहीं, गरीब की रोटी से मतलब है। आप गांधी जी का नाम मिटाते चलिए, क्योंकि आपको गांधी और गरीब दोनों से परेशानी है, लेकिन गरीब की रोटी छीनने की हिम्मत मत कीजिए।

उन्होंने कहा कि जिस तरह कांग्रेस पार्टी और INDIA गठबंधन ने किसानों के काले कानूनों के खिलाफ देशव्यापी संघर्ष कर केंद्र सरकार को यू-टर्न लेने पर मजबूर किया, उसी तरह मनरेगा को कमजोर करने की साजिश पर भी सरकार को पीछे हटने के लिए मजबूर किया जाएगा। मनरेगा पर भी हम उन्हें वापसी का रास्ता दिखाएंगे। यह संकल्प आज पूरा देश ले रहा है। दीपिका पांडेय सिंह ने ऐलान किया कि 5 जनवरी 2026 को कांग्रेस पार्टी देश भर में MGNREGA बचाओ अभियान की औपचारिक शुरुआत करेगी। इसी कड़ी में विभिन्न राज्यों में विरोध प्रदर्शन, पदयात्राएं और जनआंदोलन आयोजित किए जाएंगे। झारखंड में कांग्रेस कार्यकर्ता रांची में राजभवन तक पदयात्रा कर केंद्र सरकार की गरीब-विरोधी नीतियों के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करेंगे।
 

Tags - Jharkhand Congress January 5 MNREGA Save Campaign nationwide