द फॉलोअप डेस्क
सरायकेला-खरसावां जिला के चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में एनएच-33 स्थित कांदरबेड़ा चौक से डोबो पुल होते हुए जमशेदपुर जाने वाला निर्माणाधीन फोरलेन बायपास इन दिनों बदहाल स्थिति में है। यह मार्ग पहले टू-लेन था, लेकिन बढ़ती यातायात दबाव को देखते हुए विधानसभा चुनाव से पूर्व सरायकेला पथ प्रमंडल द्वारा इसका जीर्णोद्धार कर फोरलेन निर्माण कार्य शुरू कराया गया। यह सड़क रांची और धनबाद जैसे प्रमुख शहरों से जमशेदपुर परिसदन और शहर के अन्य हिस्सों तक वीवीआईपी आवागमन का मुख्य मार्ग है। टाटा से रांची जाने वाली अधिकांश बसें भी इसी रास्ते से गुजरती हैं। आदित्यपुर और गम्हारिया औद्योगिक क्षेत्र को पुड़िसिली, उत्तमडीह और सतबहिनी होते हुए जोड़ने के कारण इस मार्ग का महत्व और बढ़ जाता है। मौसम खराब होने की स्थिति में प्रधानमंत्री का काफिला भी रांची से जमशेदपुर इसी सड़क मार्ग से होकर गुजर चुका है।
इसके बावजूद निर्माण कार्य की धीमी प्रगति लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। पूरी सड़क पर जगह-जगह बड़े और गहरे गड्ढे बन गए हैं। पुड़िसिली मौजा अंतर्गत निर्माणाधीन आशियाना अमाया के पास विशाल गड्ढा बना हुआ है, जबकि धन्नीगौड़ा में सतनाला (डोबो) डैम से निकले नाले पर स्थित पुल से बाहर झांकता सरिया गंभीर खतरे का संकेत दे रहा है। सुरक्षा मानकों की कमी साफ दिखाई दे रही है। हाल ही में खराब सड़क के कारण एक ट्रक अनियंत्रित होकर कांदरबेड़ा नाला में गिर गया था। गनीमत रही कि कोई जानमाल की हानि नहीं हुई, लेकिन आए दिन छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं हो रही हैं। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से निर्माण कार्य में हो रही देरी दूर करने और सड़क की जर्जर स्थिति में तत्काल सुधार करने की मांग की है।
