द फॉलोअप डेस्क:
Jharkhand Weather News: झारखंड के कई जिलों में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने लगा है। तापमान में गिरावट और ठंडी हवाओं के कारण सुबह और शाम ठंड का एहसास बढ़ गया है। गिरिडीह में गुरुवार की सुबह घने कोहरे और ओस की चादर देखने को मिली। वहीं, साहेबगंज में घने कुहासे के कारण सड़कों पर दृश्यता कम हो गई है, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

गिरिडीह में ओस और कोहरे से बढ़ी ठंड
गिरिडीह जिले में तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। गुरुवार की सुबह पूरे शहर में घना कोहरा छाया रहा। सड़कों, पेड़-पौधों और घरों की छतों पर ओस की बूंदें नजर आईं। ठंडी हवाओं के कारण सुबह-सुबह लोगों को ठिठुरन महसूस हुई। मौसम में बदलाव का असर अब आम जनजीवन पर भी दिखने लगा है। लोग सुबह और शाम गर्म कपड़ों का सहारा लेने लगे हैं। आने वाले दिनों में ठंड का असर और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
साहेबगंज में घने कुहासे से सड़कों पर कम हुई दृश्यता
साहेबगंज जिले में भी सुबह की शुरुआत घने कुहासे और ठंडी हवाओं के साथ हो रही है। सड़कों, खेतों और आसपास के इलाकों में धुंध छाई रहने से सुबह के समय दृश्यता काफी कम हो जा रही है। दूर से आने वाले वाहन भी स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहे हैं। ऐसे में वाहन चालकों को सतर्क होकर सफर करना पड़ रहा है। दुर्घटना की आशंका को देखते हुए कई चालक फॉग लाइट जलाकर धीमी गति से वाहन चलाते नजर आ रहे हैं। खासकर बाइक सवारों, दैनिक मजदूरों, नौकरीपेशा लोगों और सुबह यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी हो रही है। बदलते मौसम का असर लोगों की दिनचर्या पर भी दिखने लगा है। सुबह घरों से निकलने वाले लोग गर्म कपड़े पहनने लगे हैं। ठंडी हवाओं के बीच बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
कुहासे के बीच पुलिस की पहल, मिर्जाचौकी थाना के बाहर लगाया पहचान पट्ट
घने कुहासे और कम दृश्यता को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से भी राहगीरों की सुविधा के लिए पहल की गई है। साहेबगंज एसपी अमित कुमार सिंह के निर्देश पर मिर्जाचौकी थाना प्रभारी सुमित कुमार सिंह द्वारा थाना परिसर के बाहर बड़ा विद्युत प्रकाशयुक्त पहचान पट्ट लगाया गया है। इस पहल से घने कुहासे के बीच अनजान राहगीरों को मिर्जाचौकी थाना की पहचान करने में आसानी होगी। किसी आपात स्थिति में पुलिस सहायता की तलाश कर रहे लोगों को भी थाना तक पहुंचने में सहूलियत मिलेगी। अंधेरे और धुंध के बीच दूर से ही थाना परिसर की पहचान हो सकेगी। इससे जरूरतमंद लोग बिना भटके पुलिस तक पहुंच सकेंगे। झारखंड के इन जिलों में बदलते मौसम के बीच ठंड का असर बढ़ने लगा है। वहीं, सुबह के समय घना कुहासा वाहन चालकों और राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बन रहा है। ऐसे में वाहन चालकों को सावधानीपूर्वक सफर करने और लोगों को ठंड से बचाव के लिए सतर्क रहने की जरूरत है।