logo

चाईबासा मुठभेड़ में घायल कोबरा जवान को एयरलिफ्ट कर रांची लाया गया, राज अस्पताल में भर्ती

CRPF3.jpg

द फॉलोअप डेस्क
पश्चिमी सिंहभूम जिले के जराईकेला थाना क्षेत्र अंतर्गत तिरिलपोसी में 30 मई को हुई नक्सली मुठभेड़ में घायल हुए कोबरा बटालियन-209 के जवान सुनील कुमार को बेहतर इलाज के लिए रांची लाया गया है। उन्हें राउरकेला से एयरलिफ्ट कर रांची के राज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। मूल रूप से सीआरपीएफ कोबरा यूनिट से जुड़े जवान सुनील कुमार 29 मई को चाईबासा में चल रहे संयुक्त सर्च ऑपरेशन में शामिल थे। इसी दौरान आईईडी ब्लास्ट की चपेट में आकर वह घायल हो गए थे। मुठभेड़ के बाद उन्हें पहले राउरकेला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन तबीयत में सुधार न होने के कारण उन्हें शनिवार को एयर एम्बुलेंस के माध्यम से रांची एयरपोर्ट लाया गया। वहां से ग्रीन कॉरिडोर के जरिए उन्हें तेज़ी से राज अस्पताल पहुंचाया गया।

घटना के संबंध में चाईबासा पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, 30 मई को दोपहर लगभग 12 बजे प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) उग्रवादियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ हुई थी। यह मुठभेड़ पहाड़ी और घने जंगलों से घिरे इलाके तिरिलपोसी में हुई, जहां सुरक्षा बलों की ओर से झारखंड और ओडिशा पुलिस द्वारा संयुक्त अभियान चलाया जा रहा था। मुठभेड़ के दौरान जब सुरक्षा बलों ने नक्सलियों पर दबाव बनाया तो वे जंगल और पहाड़ों की आड़ लेकर मौके से फरार हो गए। इसके बाद चलाए गए सर्च अभियान के दौरान इलाके से विस्फोटक सामग्री और नक्सलियों के दैनिक उपयोग के सामान बरामद किए गए, जिन्हें जब्त कर लिया गया है।

मुठभेड़ के बाद पीछे हटते समय नक्सलियों ने पूर्व में लगाए गए आईईडी विस्फोटकों को सक्रिय कर दिया, जिससे कोबरा बटालियन के जवान सुनील कुमार घायल हो गए। प्रारंभिक इलाज के बाद उन्हें पहले राउरकेला ले जाया गया था, और अब बेहतर उपचार हेतु उन्हें रांची स्थानांतरित किया गया है।