द फॉलोअप डेस्क, रांची:
14वीं JPSC की प्रारंभिक परीक्षा में गड़बड़ी की शिकायतों को लेकर आयोग के पूर्व चेयरमैन एल खियांग्ते से सीआईडी की पूछताछ जारी है। एजेंसी ने 31 जुलाई (शुक्रवार) को भी एल खियांग्ते से लंबी पूछताछ की। अधिकारियों ने करीब 8 घंटे तक पूर्व चेयरमैन से जवाब-तलब किया। बताया जा रहा है कि हिरासत में लिए गये आरोपियों और एल खियांग्ते के बयानों का क्रॉस एग्जामिनेशन भी कराया गया। देर शाम को एल खियांग्ते लंबी पूछताछ का सिलसिला खत्म होने के बाद अपने घर के लिए रवाना हो गये।

सोमवार के लिए सीआईडी ने किया समन
गौरतलब है कि एल खियांग्ते से 3 अगस्त (सोमवार) को फिर पूछताछ होगी। उन्हें सीआईडी ने समन किया है। पूछताछ के दौरान दस्तावेजों, डिजिटल साक्ष्यों और आरोपियों के बयानों का मिलान किया गया। इस केस में गिरफ्तार किए गए 5 आरोपियों की रिमांड अवधि पूरी होने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। अभी और 3 आरोपियों की रिमांड अवधि बाकी है, और उनसे पूछताछ जारी रहेगी।

एल खियांग्ते से क्या सवाल पूछे गये!
बताया जाता है कि एल खियांग्ते से इस केस में भर्ती प्रक्रिया, परीक्षा संचालन और चयन प्रक्रिया से जुड़े सवाल पूछे गए। गौरतलब है कि सीआईडी के अधिकारी एल खियांग्ते के कांके स्थित आवास में तलाशी ले चुके हैं।