logo

बड़ी खबर : अभय तिवारी की पत्नी और सगा भाई गिरफ्तार, JPSC और JSSC-CGL में अवैध ढंग से नौकरी पाने का आरोप

abhay1.jpg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

14वीं JPSC पीटी परीक्षा में गड़बड़ी मामले में गिरफ्तार परीक्षा एजेंसी TDPL के मार्केटिंग मैनेजर अभय कुमार तिवारी उर्फ मनोज की पत्नी और सगे भाई को CID ने गिरफ्तार किया है। दोनों पर JPSC और JSSC-CGL परीक्षा के मार्फत अनुचित साधनों का उपयोग करके अवैध ढंग से नियुक्ति पाने का आरोप है। गौरतलब है कि इस केस में अभय कुमार तिवारी को पहले ही जेल भेजा जा चुका है। गौरतलब है कि खुद अभय कुमार तिवारी ने भी JSSC-CGL के जरिये प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी के पद पर नौकरी पाई थी और गिरफ्तारी के समय पोड़ैयाहाट प्रखंड में पदस्थापित था। उसने इससे पहले JPSC और JSSC की विभिन्न प्रतियोगिता परीक्षाओं में अवैध ढंग से सफलता हासिल की थी। अभय कुमार तिवारी के कई करीबी रिश्तेदारों को भी नौकरी मिली थी। 

CID की ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी
14वीं JPSC पीटी परीक्षा समेत JPSC और JSSC की विभिन्न प्रतियोगिता परीक्षाओं में गड़बड़ी की शिकायतों की जांच कर रही CID की ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है। चतरा जिले से भी एक प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को हिरासत में लिया गया है। इस केस में अब तक 20 से ज्यादा गिरफ्तारियां हो चुकी है। गिरफ्तार लोगों में आयोग के पूर्व चेयरमैन एल ख्यांगते भी शामिल हैं। CID गड़बड़ियों के संबंध में जरूरी दस्तावेज और डिजिटल उपकरण जुटाने में लगी है। 

सरकार ने रद्द कर दी कई परीक्षाएं
सरकार ने JSSC-CGL समेत TDPL द्वारा आयोजित कराई गई सभी भर्ती परीक्षाओं को रद्द करने का फैसला किया है। इस फैसले से जहां आंदोलनरत छात्र खुश हैं, वहीं चयनित अभ्यर्थियों में काफी नाराजगी है। उनका तर्क है कि उनका पक्ष सुने बिना एकतरफा फैसला लिया गया है। अभ्यर्थियों का कहना है कि CBI जांच के जरिये अवैध नियुक्तियों की पहचान करके उनके खिलाफ एक्शन लेना चाहिए था, ना कि पूरी प्रक्रिया रद्द की जानी चाहिए थी। 
 

Tags - Jharkhand NewsJSSC CGLAbhay Kumar TiwariJPSC