द फॉलोअप डेस्क, रांची:
Jharkhand News: झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार (Chief Electoral Officer K. Ravi Kumar) ने गुरुवार को राज्य के सभी प्रमंडलों के इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) के समन्वयकों एवं संबंधित पदाधिकारियों के साथ प्रमंडलवार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की। बैठक में विद्यालय स्तर पर मतदाता जागरूकता गतिविधियों को प्रभावी बनाने, विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा युवा एवं अन्य पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची (Electoral Roll) में शामिल कराने के लिए समन्वित प्रयासों पर चर्चा की गई। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा कि राज्य में 5,535 ELC गठित करने के लक्ष्य के विरुद्ध 4,461 ELC गठित एवं एक्टिव हैं, इनके कॉर्डिनेटर एवं जिलों के उप निर्वाचन पदाधिकारी के बीच समन्वय स्थापित करते हुए सभी जिलों में मतदाताओं को जागरूक करने एवं मतदाता सूची में जोड़ने हेतु जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

युवा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित हों
उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिक, जिसकी आयु 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष पूरी हो चुकी है और जो संबंधित मतदान केंद्र क्षेत्र का सामान्य निवासी है, उसका नाम नियमानुसार मतदाता सूची में शामिल होना सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक पंजीकरण से वंचित न रहे। इसके लिए ELC के माध्यम से विद्यार्थियों, युवाओं और उनके परिवारों को मतदाता पंजीकरण (Voter Registration) की प्रक्रिया की सही जानकारी उपलब्ध कराई जाए।उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक विद्यालय में मतदाता जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाए तथा एसआईआर अवधि के दौरान कम-से-कम प्रत्येक ELC स्तर पर एक विशेष जागरूकता गतिविधि अवश्य संचालित की जाए। इन गतिविधियों का सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाए, ताकि अधिकाधिक लोगों तक मतदाता जागरूकता संबंधी संदेश पहुंच सकें और युवा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित हों।

भ्रामक सूचना या गलतफहमी की स्थिति उत्पन्न न हो
के. रवि कुमार ने ECINET ऐप के माध्यम से पात्र युवा भारतीय नागरिकों को फॉर्म-6 एवं घोषणा पत्र भरकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ELC के पदाधिकारी एवं समन्वयक नागरिकों को ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया समझाएं तथा फॉर्म भरने में आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराएं। साथ ही, एसआईआर एवं मतदाता सूची में नाम जोड़ने से संबंधित सही प्रक्रिया और पात्रता संबंधी प्रावधानों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाए, ताकि किसी प्रकार की भ्रामक सूचना या गलतफहमी की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने मिस-इनफॉर्मेशन एवं फेक न्यूज के विरुद्ध तथ्यपरक जानकारी के प्रसार तथा मतदाता जागरूकता संबंधी संदेशों को सोशल मीडिया पर साझा करने की आवश्यकता भी बताई। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची में नाम शामिल करने की प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुरूप संचालित की जा रही है और किसी भी अपात्र अथवा विदेशी व्यक्ति का नाम इसमें शामिल नहीं किया जाएगा।

ELC को राज्य स्तर के कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि 25 जनवरी को आयोजित राष्ट्रीय मतदाता दिवस (National Voters' Day) के कार्यक्रमों में जिला स्तर पर मतदाता जागरूकता हेतु बेहतर कार्य करने वाले ELC को जिला स्तरीय कार्यक्रम में एवं राज्य स्तर पर बेहतर कार्य करने वाले ELC को राज्य स्तर के कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा, वहीं राज्य स्तर पर बेहतर कार्य करने वाले ELC का नाम राष्ट्रीय स्तर पर नई दिल्ली में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में राज्य से नॉमिनेशन के रूप में भेजा जाएगा। बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, राज्य प्रशिक्षण नोडल पदाधिकारी देव दास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार ठाकुर एवं अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार सहित विभिन्न प्रमंडलों के उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला परियोजना पदाधिकारी, सहायक जिला परियोजना पदाधिकारी, ELC कोऑर्डिनेटर एवं हेल्प डेस्क मैनेजर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित रहे।