द फॉलोअप डेस्क
राज्य के अधिकांश हिस्सों में एक बार फिर गर्मी ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। रविवार सुबह से ही धूप छांव के बीच तीखी धूप से गर्मी का एहसास होने लगा है। रांची मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार 30 और 31 मई को हल्के बादल छा सकते हैं। हल्के बारिश की भी संभावना है। वहीं, रांची मौसम केंद्र की ओर से जारी चेतावनी के तहत राज्य के उत्तर-पूर्वी, दक्षिणी और निकटवर्ती मध्य भागों में कहीं-कहीं गर्जन व वज्रपात के साथ तेज सतही हवा (30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार) चलने की संभावना है। इसके बाद 1 जून से आसमान साफ रहने का पूर्वानुमान है। मतलब एक जून से गर्मी में फिर से बढ़ोतरी होगी। विभाग के अनुसार तापमान में 4-5 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है।
सबसे ज्यादा बारिश गुमला में हुई
मौसम केंद्र के अनुसार बीते 24 घंटे में राज्य में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा हुई। सबसे अधिक बारिश 16.4 एमएम पालकोट (गुमला) में दर्ज किया गया। इसके अलावा राज्य के गोइलकेरा, हाट गम्हरिया, जगन्नाथपुर, बानो, बरकट्ठा, बरही, खूंटी और गुमला के बिशुनपुर में भी बारिश हुई। सबसे अधिकतम तापमान की बात करें तो चाईबासा का रहा। यहां 37.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री रांची में दर्ज किया गया।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/IgMHnUDDYLBDxlPX7oOXWz