बोकारो:
बोकारो की अमलाबाद पुलिस ने मानवीय पहल करते हुए भटककर अमलाबाद ओपी क्षेत्र में पहुंची एक महिला को उसके परिजनों से मिला दिया। महिला 24 अगस्त को क्षेत्र में भटकती हुई मिली थी। पुलिस ने पूछताछ और जांच के बाद उसके परिजनों का पता लगाया और आवश्यक सत्यापन के बाद बुधवार को महिला को परिवार के सुपुर्द कर दिया।

बिहार के अररिया की रहने वाली है महिला
अमलाबाद ओपी प्रभारी कौशलेंद्र कुमार के अनुसार, महिला से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम हेना और पति का नाम मोहम्मद सुलेमान बताया। पुलिस ने जानकारी के आधार पर जांच शुरू की, जिसके बाद महिला का पता गांव बारहट, थाना पलासी, जिला अररिया, बिहार के रूप में सामने आया।

दस्तावेजों की जांच के बाद परिजनों को सौंपा
इसके बाद पुलिस ने महिला के परिजनों से संपर्क किया और उन्हें अमलाबाद ओपी बुलाया। परिजनों के पहुंचने पर पुलिस ने पहचान और आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया। प्रक्रिया पूरी होने के बाद महिला को सुरक्षित उसके परिवार के सदस्यों को सौंप दिया गया। महिला के परिजनों ने अपने परिवार की सदस्य को सुरक्षित वापस पाने पर अमलाबाद पुलिस का आभार जताया।