बोकारो:
धनबाद के बरवाअड्डा थाना प्रभारी के साथ डुमरी विधायक जयराम महतो द्वारा कथित तौर पर अमर्यादित भाषा के इस्तेमाल का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। बोकारो पुलिस एसोसिएशन और पुलिस मेंस एसोसिएशन ने भी मोर्चा खोल दिया है। रविवार को बोकारो पुलिस एसोसिएशन कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में सदस्यों ने विधायक के खिलाफ कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग उठाई।

जयराम महतो पद की गरिमा का ध्यान रखें
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पुलिस एसोसिएशन के सदस्य बाल्मीकि पाठक ने कहा कि जयराम महतो संवैधानिक पद पर हैं और ऐसे में उन्हें अपने पद की गरिमा का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक ने पुलिस अधिकारी के साथ गाली-गलौज की और लोकतंत्र के सजग प्रहरी पत्रकारों को भी नहीं छोड़ा। उन्होंने कहा कि इस तरह के व्यवहार को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। एसोसिएशन ने विधायक की गिरफ्तारी की मांग की।

गालीबाज पुलिस पदाधिकारी पर होती है कार्रवाई
बाल्मीकि पाठक ने विधायक के उस सवाल पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें पुलिस द्वारा आम जनता के साथ कथित गाली-गलौज पर सवाल उठाया गया था। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में यदि कोई अधिकारी या कर्मी आम जनता के साथ अभद्र व्यवहार करता है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई होती है। ऐसे मामलों में निलंबन से लेकर लाइन हाजिर तक की कार्रवाई की जाती है।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि बोकारो में भी चास थाना प्रभारी द्वारा आम लोगों के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज का मामला सामने आने पर कार्रवाई की गई थी। इसलिए पुलिसकर्मियों के गलत व्यवहार को लेकर विधायक द्वारा उठाए गए सवाल पर विभाग कार्रवाई करता है।

पुलिसकर्मी कानून के दायरे में करते हैं काम
वहीं पुलिस मेंस एसोसिएशन के सदस्य सुभाष शुक्ला ने कहा कि अब यह मामला आर-पार की लड़ाई की ओर बढ़ रहा है। हालांकि उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी अनुशासित होते हैं और आगे की रणनीति का निर्णय एसोसिएशन के शीर्ष नेतृत्व द्वारा लिया जाएगा।
पुलिस एसोसिएशन के सदस्यों ने कहा कि पुलिसकर्मी भी कानून के दायरे में रहकर काम करते हैं और किसी भी जनप्रतिनिधि को पुलिस अधिकारियों के साथ अमर्यादित व्यवहार करने का अधिकार नहीं है। उन्होंने मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।