द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह जिले में एक दिल दहला देने वाला हत्याकांड सामने आया है। नगर थाना क्षेत्र के बरगंडा साईं मंदिर स्थित छठ घाट के पास झाड़ियों से पुलिस ने एक युवक का सड़ा-गला शव बरामद किया है। मृतक की पहचान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के पांडेयडीह निवासी रोहित कुमार के रूप में हुई है।.jpg)
सूचना मिलते ही नगर और मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। शव दो दिन पुराना प्रतीत हो रहा था और आसपास दुर्गंध फैल रही थी।.jpeg)
पुलिस ने शक के आधार पर तीन युवकों को हिरासत में लिया है। जिसमें पूछताछ के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ। तीनों ने रोहित की हत्या की बात कबूल कर ली। आरोपियों ने बताया कि 15 अगस्त की रात वे रोहित को बहाने से साईं मंदिर छठ घाट के पास ले गए। पहले शराब और बीयर पिलाई, फिर पीछे से लोहे की रॉड से हमला कर दिया। मौके पर ही रोहित की मौत हो गई और शव को झाड़ियों में फेंक दिया।
रोहित 15 अगस्त को अपने घर से दोस्तों संग निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने काफी खोजबीन के बाद मुफ्फसिल थाना में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। लगातार तलाश के बीच शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई।
परिजनों के गंभीर आरोप
मृतक की मां ने आरोप लगाया कि गांव के कुछ लोगों से छह माह पहले उनका विवाद हुआ था। उस दौरान मारपीट और आगजनी तक की घटना हुई थी। उनका कहना है कि उसी रंजिश में रोहित की हत्या कराई गई है।
वहीं, मृतक के भाई अमन कुमार ने दावा किया कि रोहित का गांव की एक युवती से प्रेम संबंध था। युवती की शादी हो जाने के बाद उसके पिता और परिजन रोहित को धमकाते थे। अमन का आरोप है कि इन्हीं लोगों ने साजिश रचकर भाई की हत्या करवाई।
रोहित की हत्या से पूरे गांव में तनाव और आक्रोश है। परिजन रो-रोकर न्याय की गुहार लगा रहे हैं और दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग कर रहे हैं।.jpeg)
फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया है और गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस यह भी जांच रही है कि हत्या सिर्फ आपसी विवाद का नतीजा था या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश छिपी है।