logo

गढ़वा के बभनी गांव में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, मर्डर या सुसाइड; जांच में जुटी पुलिस

Hanging.jpg

गढ़वा:

गढ़वा जिले के बरडीहा थानाक्षेत्र में युवक का शव संदिग्ध अवस्था में पेड़ से झूलता मिला। युवक ने आत्महत्या की है या हत्या के बाद उसके शव को लटकाया गया है, पुलिस इसकी जांच में जुटी है। पुलिस ने मामले की छानबीन के लिए खोजी कुत्ते की मदद ली जो घटनास्थल से चलकर एक घर में घुस गया। इस वाकये ने वारदात को और अधिक पेचीदा बना दिया है। पुलिस ने, उस मकान के मालिक को हिरासत में लिया है, जहां खोजी कुत्ता घुसा था। गौरतलब है कि मृतक की पहचान बभनी गांव निवासी टप्पू रजवार के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने यह आरोप लगाया है कि टप्पू रजवार की हत्या करने के बाद आरोपियों ने इसे आत्महत्या का रूप देने के लिए पेड़ से लटकाया है। 

बुधवार को बभनी गांव में मिला शव
गौरतलब है कि बुधवार को बरडीहा थानाक्षेत्र अंतर्गत बभनी गांव में ग्रामीणों ने एक युवक का शव महुआ के पेड़ से संदिग्ध हालत में झूलता हुआ देखा। शव मिलने की खबर फैलते ही वहां ग्रामीणों  की भीड़ जुट गई। सूचना मिले पर थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों ने टप्पू रजवार की हत्या का अंदेशा जताया है, लेकिन पुलिस अभी छानबीन में जुटी है। पुलिस ने युवक की हत्या और आत्महत्या को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। 

पुलिस की आधिकारिक पुष्टि बाकी
थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल यह कहना मुश्किल है कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पुलिस हर बिंदु पर गंभीरता से जांच कर रही है। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय विधायक नरेश प्रसाद सिंह भी बभनी गांव पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। 

इधर, टप्पू रजवार की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटनास्थल पर शव और डॉग स्क्वायड को देखने के लिए सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण जुटे रहे। 

Tags - JharkhandGarhwaDead BodyMurderPolice